पाकिस्तान से आई गीता को बेटी बताने वाले दंपती का होगा डीएनए टेस्ट
विदेश मंत्रालय ने गीता को उसके मां-बाप से मिलवाने वाले के लिए एक लाख का इनाम भी घोषित कर रखा है।
गढ़वा, [जागरण संवाददाता] । पाकिस्तान से भारत लाई गई गीता को अपनी बेटी बताने वाले गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र के बांदू गांव निवासी विजय राम व उसकी पत्नी माला देवी का डीएनए टेस्ट होगा। साथ ही इन दोनों की आवाज का सैंपल भी लिया जाएगा। इसके बाद रिपोर्ट दिल्ली स्थिति विदेश मंत्रालय भेजी जाएगी।
रंका के एसडीओ जावेद अनवर इदरीसी ने बताया कि दोनों जांच के लिए गढ़वा के सिविल सर्जन डॉ. टी हेंब्रम का सहयोग लिया जाएगा। केंद्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के साथ पाक से आई गीता की तस्वीर देखने के बाद से ही विजय की पत्नी माला देवी सदमे में है। स्थिति यह है कि रविवार को उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ने के बाद उसे घर में ही स्लाइन चढ़ाया जा रहा था। विजय राम तथा माला देवी गीता को अपनी बेटी टुन्नी उर्फ गुडि़या होने की बात पर अडिग हैं। उनका कहना है कि सरकार व जिला प्रशासन जो भी जांच कराना चाहे करा ले। हम तैयार हैं। सच्चाई सामने आ जाएगी।
रविवार के अंक में इससे संबंधित खबर समाचार पत्रों में प्रकाशित होने के बाद से अचानक कभी नक्सलियों का गढ़ कहा जाने वाला बांदू गांव चर्चा में आ गया है। ग्रामीणों के साथ-साथ आसपास के दूसरे गांवों के ग्रामीणों में इस बात को लेकर उत्सुकता है कि वाकई में पाक से आई गीता, करीब एक दशक पूर्व गुम हुई विजय राम व माला देवी के बेटी टुन्नी उर्फ गुड्डी है या इस दंपती का दावा निराधार है। अब सबकी नजर प्रशासनिक जांच पर टिकी है।
अबतक एक दर्जन से अधिक लोग कर चुके हैं दावा दो साल पहले पाकिस्तान से गीता के भारत लौटने के बाद से अबतक बिहार, मध्यप्रदेश और झारखंड समेत देश के विभिन्न हिस्सों से एक दर्जन से अधिक लोग गीता के माता-पिता होने का दावा कर चुके हैं। इनमें कई का डीएनए टेस्ट भी हो चुका है। एक-एक कर सारे दावे खारिज होते गए। इस बीच गीता को उसके मां-बाप अबतक नहीं मिल सके हैं।
उधर विदेश मंत्रालय ने गीता को उसके मां-बाप से मिलवाने वाले के लिए एक लाख का इनाम भी घोषित कर रखा है। जिस एनजीओ में गीता रह रही है उसका मानना है कि गीता के हाव-भाव व रहन-सहन को देखकर लगता है कि उसका संबंध बिहार या झारखंड से हो सकता है।