मौसम विभाग ने दो दिन भारी बारिश की संभावना जताई
मौसम विज्ञान के मुताबिक, 9 और 10 अक्टूबर को रांची समेत आसपास के इलाकों में भारी बारिश होगी।
जागरण संवाददाता, रांची। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग रांची केंद्र का पूर्वानुमान है कि 9 और 10 अक्टूबर को भी रांची समेत आसपास के इलाकों में भारी बारिश होगी। आसमान में बाद छाए रहेंगे। इससे तापमान गिरने के आसार हैं।
रांची व आसपास के इलाकों में दिन धूप रहने के बाद शाम को अचानक मौसम ने करवट ली। तेज हवा व मेघ गरज के साथ शहरी क्षेत्र समेत आसपास के इलाकों में बूंदाबांदी हुई। कई इलाकों में मध्यम दर्जे की बारिश भी दर्ज की गई।
हवाएं 15-20 किलोमीटर प्रति घंटा के हिसाब से चली। बारिश के पूर्व वज्रपात हुई। मौसम में यह बदलाव वेस्ट-सेंट्रल बंगाल की खाड़ी में साइक्लोन सकरुलेशन बनने के कारण हुआ है।
ट्रैक से खिसका मानसून, दिवाली तक थम-थमकर होगी बारिश
जागरण संवाददाता, धनबाद। अमूमन पांच से छह अक्टूबर तक मानसून लौटता है। इस बार ट्रैक से खिसक जाने के कारण इसके लौटने में विलंब होगा। इस वजह से दीपावली तक आबोहवा बदलती रहेगी। थम-थमकर आसमान से फुहार बरसेगी। यह कहना है भागा पॉलीटेक्निक के प्राचार्य सह मानसून एक्सपर्ट डॉ. एसपी यादव का।
उन्होंने बताया कि बंगाल की खाड़ी में डिप्रेशन की वजह से शनिवार को तेज आंधी आई और उस ओर जा रहे फिडर बादलों ने यहां बारिश कराई। 24 से 36 घंटे में एक बार फिर तेज आंधी व बारिश के आसार हैं। मानसून एक्सपर्ट के अनुसार मानसून के लौटने का रास्ता ओडिशा, मध्य प्रदेश होकर है। पर इस बार उसका टैक उत्तर की ओर खिसक गया है, जिससे पश्चिम बंगाल से धनबाद होकर गुजर रहा है। यही वजह है कि धनबाद में अधिक बारिश हो रही है।
यह भी पढ़ेंः भारत के हौसले को नहीं डिगा सकी बारिश, शानदार जीत