जेल में बंद गोरक्षकों को रिहा करे सरकार: जगरनाथ शाही
शाही ने कहा कि भाजपा की सरकार ने गोहत्या कानून बनाया है, लेकिन वह क्रियान्वित नहीं कर पा रही है।
रांची, [जागरण संवाददाता] । विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष जगरनाथ शाही ने विहिप के प्रांत कार्यालय में कहा कि राज्य में जहां कहीं भी गोहत्या होती है, वह प्रशासन की साठगांठ का नतीजा है। उन्होंने जेल में बंद गोरक्षकों को शीघ्र रिहा करने की मांग राज्य सरकार से की है।
शाही ने कहा कि भाजपा की सरकार ने गोहत्या कानून बनाया है, लेकिन वह क्रियान्वित नहीं कर पा रही है। प्रशासन पर आरोप लगाया कि गोररक्षकों द्वारा सूचना देने के बाद भी प्रशासन नहीं आता, लेकिन हिन्दूओं को बदनाम करने के लिए पुलिस पहुंच जाती है।
उन्होंने बताया कि यहां जितनी भी गोहत्या से संबंधित घटनाएं हुई हैं, उनका पैटर्न यही रहा है। प्रतिबंधित मांस का पकड़ा जाना सिद्ध करता है कि गोहत्या होती है। इसके लिए आज तक किसी भी अधिकारी के विरुद्ध मुख्यमंत्री के बयान के बाद कार्रवाई भी नहीं हुई। प्रशासन गोहत्यारों से मिलकर झारखंड सरकार, विहिप, बजरंग दल को बदनाम करना चाहता है। बंग्लादेशी घुसपैठियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि झारखंड के बड़े नगरों से लेकर गांवों तक में ये बस गए हैं। पाकुड़, साहिबगंज, राजमहल, गोड्डा आदि जिलों में जनसंख्या का स्वरूप बिगड़ गया है। ये झारखंड ही नहीं, देश के लिए चिंता का विषय हैं।