रांची के राहे ओपी में जवान की गोली लगने से मौत
सूरज राइफल की सफाई कर रहा था, इसी बीच गोली चल गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
जागरण संवाददाता, रांची। राहे ओपी में रविवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक जवान सूरज कुमार साह (35) की अपने ही इंसास राइफल से गोली चलने से मौत हो गई। वह रांची जिला बल का जवान था और राहे ओपी के सशस्त्र बल में कार्यरत था। सूरज मूल रूप से जमशेदपुर का रहने वाला था।
जमशेदपुर में बागबेड़ा थाना क्षेत्र के बजरंगटोली में शीतला मंदिर के पास का रहने वाला था। उसके पिता शिव कुमार साह हैं। परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है।
इस मामले में सार्जेंट मेजर डीएसपी टीके झा ने बताया कि सूरज अपने इंसास राइफल की सफाई कर रहा था, इसी बीच गोली चल गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मौके पर मौजूद एसपी ग्रामीण, डीएसपी बुंडू व राहे थानेदार पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
खुदकुशी किए जाने की भी रही चर्चा
जवान की मौत के मामले में खुदकुशी किए जाने की भी चर्चा तेज रही। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जवान इन दिनों तनाव में रह रहा था। उसे छुट्टी नहीं मिल रही थी और उसे छुट्टी की सख्त जरूरत थी। उसे नींद नहीं आने की भी समस्या थी।
सुबह में मोबाइल पर किसी से बात किया और अपनी इंसास राइफल उठाकर खुद को गोली मार ली। हालांकि, इस सूचना को पुलिस अधिकारियों ने एक सिरे से खारिज किया है। अधिकारियों का कहना है कि जवान को छुट्टी की कोई समस्या नहीं थी। उसे छुट्टी मिलती रहती थी।
यह भी पढ़ेंः मौसम विभाग ने जारी की भारी बारिश की चेतावनी
यह भी पढ़ेंः महिला से सामूहिक दुष्कर्म, बताने पर जान से मारने की धमकी