गढ़वा गोलीकांड की न्यायिक जांच कराए सरकार
रांची : गढ़वा के जतपुरा बालूघाट पर हुए गोलीकांड में मारे गए उदय कुमार यादव के परिजनों को संरक्षण देन
रांची : गढ़वा के जतपुरा बालूघाट पर हुए गोलीकांड में मारे गए उदय कुमार यादव के परिजनों को संरक्षण देने तथा गोलीकांड की न्यायिक जांच कराने की मांग झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार से की है। इस बाबत उन्होंने मुख्यमंत्री रघुवर दास को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने कहा है कि जहां से बालू का उत्खनन होता है, वहां एक ओर छठ घाट है तो दूसरी ओर श्मशान घाट। बालू के उत्खनन से घाट की गहराई बढ़ती जा रही है। ग्रामीण इसका वर्षो से विरोध कर रहे हैं। अगर सरकार और प्रशासन इसे गंभीरता से लेती तो घटना रोकी जा सकती थी।
मरांडी ने पत्र में गढ़वा गोलीकांड की जांच के लिए पार्टी स्तर से भेजी गई जांच टीम की रिपोर्ट का हवाला दिया है। रिपोर्ट के आधार पर उन्होंने बताया है कि संजीत सिंह तथा उनके रिश्तेदारों द्वारा वर्षो से उत्खनन कार्य जारी है। इसपर रोक लगाने के लिए ग्रामीणों ने न सिर्फ जिला खनन पदाधिकारी को पत्र लिखा था, बल्कि उपायुक्त से भी इसकी लिखित शिकायत की थी। इस गोलीकांड में उदय यादव और उनके दोनों पुत्र निरंजन यादव और बिमलेश यादव मारे गए। अब उनके परिवार में सिर्फ तीन महिलाएं और चार बच्चे बचे हैं। ऐसे में सरकार को इस परिवार की सुध लेनी चाहिए।
----