अखबार व सेल के दो बंदियों संग कट रहा विधायक संजीव का समय
रांची : धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह समेत चार की हत्या की साजिश रचने के आरोप में बिरसा मुंडा
रांची : धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह समेत चार की हत्या की साजिश रचने के आरोप में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार (रांची) में बंद झरिया के विधायक संजीव सिंह अकेले पड़ गए हैं। अपर डिवीजन सेल के कमरा नंबर दो में वे बंद हैं। पांच कमरों के इस अपर डिवीजन सेल में संजीव के अलावा दो अन्य बंदी खिजरी के पूर्व विधायक सावना लकड़ा व पूर्व मंत्री हरिनारायण राय हैं। विधायक संजीव सिंह के केवल यही दोनों साथी हैं। अखबार व इन्हीं दोनों साथियों से गपशप कर उनके दिन-रात कट रहे हैं। सुबह उठने के बाद सबसे पहले वे अखबार पढ़ते हैं।
रोटी, सब्जी, दाल व चावल
विधायक संजीव जेल में बिल्कुल साधारण खाना खा रहे हैं। उन्हें सुबह में रोटी, दाल, सब्जी, दोपहर में चावल, दाल, सब्जी और शाम में रोटी, दाल और सब्जी दी जा रही है। उन्होंने खाने में कोई अतिरिक्त मांग नहीं की है।
सामान्य है स्वास्थ्य
विधायक संजीव कुमार का स्वास्थ्य बिल्कुल सामान्य है। जेल के चिकित्सकों ने जांच की। रक्तचाप भी सामान्य मिला।
विधायक का भाई नहीं गया जेल के अंदर : जेल अधीक्षक
रांची : बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा के अधीक्षक का कहना है कि विधायक संजीव सिंह का भाई मनीष जेल के अंदर नहीं गया। उन्होंने कहा कि गुरुवार को विधायक को धनबाद से रांची कारा लाया गया। यहां बंदी विधायक, पुलिस निरीक्षक और काराधीक्षक के अलावा कोई जेल के अंदर नहीं गया। इसके पक्ष में दलील देते हुए उन्होंने कहा कि कारा गेट में लगे सीसीटीवी की रिकॉर्डिग से साफ स्पष्ट है कि कौन-कौन अंदर गए। अधीक्षक की आपत्ति 22 अप्रैल को दैनिक जागरण में छपी एक खबर पर थी जिसका शीर्षक था, 'विधायक का भाई 25 मिनट रहा जेल में'।