अभिषेक को गेट में देश में आठवां स्थान
रांची : ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट (गेट) में रांची के कोकर के अभिषेक कुमार को देश में आठवां स्थान मिल
रांची : ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट (गेट) में रांची के कोकर के अभिषेक कुमार को देश में आठवां स्थान मिला है। उसने फिजिक्स विषय से परीक्षा दी थी। इस विषय में करीब 30 हजार विद्यार्थी परीक्षा में बैठे थे। परिणाम 26 मार्च को आया है। इससे पहले अभिषेक को सीएसआइआर-यूजीसी नेट जून-2016 में देश में पांचवां स्थान मिला था।
इससे पहले वर्ष 2008 में भी नेट परीक्षा क्रैक कर चुका है, लेकिन उस वक्त रैंकिंग नहीं होती थी। पढ़ाने का शौक रखनेवाला अभिषेक लेक्चरशिप के क्षेत्र जाना चाहता है।
ले चुकाहै कई डिग्रियां
अभिषेक वर्ष 2005 में आइआइटी खड़गपुर से इंटीग्रेटेड एमएससी इन फिजिक्स कोर्स पूरा किया। इसके बाद 2008 में कैट को क्रैक कर आइएमटी गाजियाबाद से एमबीए किया। वर्ष 2011 में दुबई चला गया। वहां एक वर्ष तक आइआइटी प्रवेश परीक्षा की तैयारी करनेवाले विद्यार्थियों को पढ़ाया। वहां मन नहीं लगा तो वापस भारत आकर छात्रों को आइआइटी की तैयारी कराने लगा। इस बीच बेंगलुरू स्थित एक साफ्टवेयर कंपनी में भी जॉब किया। उसके पिता अरविंद प्रसाद सिंह उवि ओरमांझी से प्रधानाध्यापक पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। मां का देहांत हो चुका है। उसने दसवीं सेंट अलोइस व बारहवीं की परीक्षा सेंट जेवियर्स कॉलेज से पास की है।
बीआइटी से कर रहा पीएचडी
अभिषेक बीआइटी की पीएचडी एंट्रेस टेस्ट दिया तो वहां भी टॉप रहा। वर्तमान में यहीं से पीएचडी कर रहा है। उसके गाइड डॉ.एस कोनार हैं। शोध का विषय नन-लीनियर ऑप्टिक्स है। अभिषेक ने कहा कि ऑप्टिक्स के क्षेत्र में कुछ नया करना है। दुनिया में इस पर शोध चल रहा है। जल्द ही ऐसा कंप्यूटर आएगा, जो लाइट से चलेगा। इतना ही नहीं, कंप्यूटर का स्पीड कई गुना बढ़ जाएगा।
नहीं लिया किसी संस्थान का सहारा
अभिषेक ने गेट की तैयारी के लिए किसी संस्थान का सहारा नहीं लिया। दूसरों को पढ़ाने का फायदा मिला और टॉपर बना। गेट की तैयारी करनेवाले छात्रों को पूरा सिलेबस पढ़ने की सलाह देता है। बीते वर्ष के प्रश्नों को हल करने पर जोर देता है।