सरकारी अस्पतालों में अंग दान की व्यवस्था नहीं
रांची : राज्य के सरकारी अस्पतालों में अंग दान की व्यवस्था नहीं है। इस कारण जरूरतमंद लोगों का समय पर
रांची : राज्य के सरकारी अस्पतालों में अंग दान की व्यवस्था नहीं है। इस कारण जरूरतमंद लोगों का समय पर इलाज संभव नहीं हो पाता है। विधायक कुणाल षाडंगी के एक प्रश्न के लिखित उत्तर में स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने यह जानकारी दी। अलबत्ता प्रमुख निजी अस्पतालों में इसकी सुविधा जरूर है। इसके लिए कोई अस्पताल निबंधित भी नहीं है। राज्य सरकार ने दावा किया है कि अगर कोई अस्पताल अंग दान स्वीकार करने के लिए निबंधन कराने को उत्सुक है तो सरकार उसपर विचार करेगी। फिलहाल लाइव डोनर और प्रत्यर्पण कराने की सुविधा मेदांता अस्पताल और भगवान महावीर मेडिका अस्पताल में उपलब्ध है। यहां गुर्दा प्रत्यारोपण की सुविधा है। इसके अलावा जमशेदपुर आइ हास्पिटल, कश्यप मेमोरियल आइ हास्पिटल, रिम्स, दृष्टि आइ बैंक (पीएमसीएच, धनबाद) और बिहार आइ बैंक ट्रस्ट, रांची में कार्निया ट्रांसप्लाट की व्यवस्था है। विधायक कुणाल षाडंगी ने आग्रह किया है कि सरकार अंग दान की व्यवस्था को मजबूती प्रदान करे। मेडिकल रिसर्च के लिए भी अंग दान आवश्यक है। उन्होंने सपरिवार अंग दान पर भी हामी भरी है और घाटशिला में एक संस्था से भी जुड़े हैं जो अंग दान के लिए प्रोत्साहित करती है। इस संस्था से जुड़कर 22 लोगों ने अंग दान की हामी भी भरी है।
---------