आय से ज्यादा बैंकों में पैसे जमा करने वालों को देना होगा हिसाब : जयंत
नागर विमानन राज्यमंत्री जयंत सिन्हा ने कहा कि 500 व 1000 रुपये की नोट वापसी का केंद्र सरकार का फैसला नई अर्थ व्यवस्था और नए भारत का निर्माण करेगा।
राज्य ब्यूरो, रांची। नागर विमानन राज्यमंत्री जयंत सिन्हा ने कहा कि 500 व 1000 रुपये की नोट वापसी का केंद्र सरकार का फैसला नई अर्थ व्यवस्था और नए भारत का निर्माण करेगा। उन्होंने कहा कि देश को महान बनाना है कि ईमानदारी से टैक्स भरना होगा। चेताया भी कि जिन्होंने अपनी आय से ज्यादा पैसा बैंकों में जमा किया उन्हें इसका हिसाब देना होगा। जनधन खातों की जांच होगी। उन्होंने यह बात रांची में रविवार को पत्रकारों से बात करते कही।
जयंत सिन्हा ने कहा कि नोट वापसी से जुड़ी दिक्कतें तेजी से सामान्य हो रहीं हैं, अगले पचास दिनों में हालात पूरी तरह से सामान्य हो जाएंगे। देश भर में 500 और 1000 रुपये की शक्ल में 15 लाख करोड़ रुपये की करेंसी बाजार में थी। आठ नवंबर से अब तक इसमें से आठ लाख करोड़ रुपये वापस बैंकों में पहुंच चुके हैं। बैंकों से इसके एवज में दो लाख करोड़ रुपये की निकासी हुई है।
जीडीपी में गिरावट को लेकर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की शंका पर कहा कि जीडीपी में दो फीसद की गिरावट नहीं आएगी। हां, संभव है जीडीपी की ग्रोथ रेट में कुछ कमी आए लेकिन इसका असर भी महज अगले तीन माह तक ही दिखेगा। इसके बाद भारत की अर्थव्यवस्था और तेजी से बढ़ेगी। भारत चीन से अधिक विकास दर प्राप्त करेगा।
उन्होंनेे प्रधानमंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि इसके दीर्घकालिक परिणाम काफी अच्छे दिखेंगे। कहा, इससे बहुत सारा काला धन वापस आ जाएगा, जिसका प्रयोग देश के बुनियादी ढांचे को दुरुस्त करने में किया जाएगा। ब्याज दरें भी घटेंगी। इस मौके पर राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार सहित अन्य भाजपा नेता उपस्थित थे।
हजारीबाग-चतरा राजमार्ग चौड़ीकरण की रखी आधारशिला
हजारीबाग। केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री जयंत सिन्हा ने रविवार को इंद्रपुरी चौक पर हजारीबाग -चतरा एनएच 100 सड़क के चौड़ीकरण कार्य की आधारशिला रखी। चौड़ीकरण पर 178.41 करोड़ की लागत आएगी। मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 1000 और 500 के पुराने नोट बंद का निर्णय सराहनीय और जनता के हित में है। यह नोटबंदी नहीं, बल्कि नोटबदली है। 24 माह में एनएच 100 के चौड़ीकरण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। आम जनता इस फैसले से खुश है। परेशान तो टैक्स चोरी करने वाले हैं। इससे पूर्व मंडई रोड में भी जयंत ने सड़क चौड़ीकरण योजना की आधारशिला रखी। मौके पर सदर विधायक मनीष जायसवाल ने भी लोगों को संबोधित किया।