नैतिक शिक्षा पर ध्यान दे विश्वविद्यालय : राज्यपाल
राज्यपाल सह कुलाधिपति द्रौपदी मुर्मू ने विश्वविद्यालयों में एकेडमिक माहौल बनाने के लिए विद्यार्थियों को नैतिक शिक्षा देने का आदेश दिया है। उन्होंने इसके लिए कुलपतियों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने को कहा है। राज्यपाल बुधवार को राजभवन में कुलपतियों के साथ बैठक कर रही थीं। इस क्रम में उन्होंने आर्ट आफ लिविंग की भी शिक्षा विद्यार्थियों को देने को कहा।
राज्य ब्यूरो, रांची। राज्यपाल सह कुलाधिपति द्रौपदी मुर्मू ने विश्वविद्यालयों में एकेडमिक माहौल बनाने के लिए विद्यार्थियों को नैतिक शिक्षा देने का आदेश दिया है। उन्होंने इसके लिए कुलपतियों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने को कहा है। राज्यपाल बुधवार को राजभवन में कुलपतियों के साथ बैठक कर रही थीं। इस क्रम में उन्होंने आर्ट आफ लिविंग की भी शिक्षा विद्यार्थियों को देने को कहा।
उल्लेखनीय है कि विद्यार्थियों में नैतिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए दैनिक जागरण देशभर के निजी व सरकारी विद्यालयों में संस्कारशाला का आयोजन कर रहा है। राज्यपाल के इस आदेश के बाद राज्य में जागरण के इस अभियान को भी बल मिला है।
राज्यपाल ने इस दौरान विश्वविद्यालयों में शिक्षकों एवं कर्मियों के तमाम रिक्त पदों को भरने का निर्देश दिया। उन्हें बताया गया कि सभी विश्वविद्यालयों में रोस्टर क्लीयरेंस का कार्य पूरा कर लिया गया है। राज्यपाल ने जनजातीय भाषा विभाग में सभी जनजातीय भाषाओं के लिए अलग-अलग विभाग बनाने को कहा। बैठक में नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय के परिसर हेतु भूमि का मामला उठा। इसपर राजस्व एवं भूमि सुधार के सचिव केके सोन ने कहा कि उपायुक्त को 73 एकड़ जमीन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। राज्यपाल ने इसपर कुलपति को उपायुक्त से तुरंत संपर्क करने को कहा।
राज्यपाल ने प्रस्तावित मॉडल व प्रोफेशनल कॉलेजों में उच्च क्वालिटी की आधारभूत संरचनाएं, लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास व कंप्यूटर सेंटर स्थापित करने का भी निर्देश दिया। बैठक में राज्यपाल के प्रधान सचिव एसके सतपथी, कृषि सचिव नितिन मदन कुलकर्णी, कल्याण सचिव हिमानी पांडेय, विवि के कुलपति व अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
डीजीपी ने दी छात्रों को सुरक्षा की गारंटी
बोले : विवि में शांति व्यवस्था को नैतिक शिक्षा ही कारगर उपाय
बैठक में विनोबा भावे विश्वविद्यालय में पिछले दिनों शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं के साथ बदसलूकी का मामला भी उठा। इसपर डीजीपी डीके पांडेय ने अपना मोबाइल नंबर देते हुए छात्र-छात्राओं को सुरक्षा की गारंटी दी। उन्होंने विश्वविद्यालय में जमीन मिलने पर चेक पोस्ट स्थापित करने की भी बात कही। इसपर राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालयों में ऐसी नौबत आनी ही नहीं चाहिए। यह भी कहा विश्वविद्यालयों में पुलिस शांति व्यवस्था के लिए जाए यह उचित नहीं होगा। इसके लिए नैतिक शिक्षा ही उपाय है। बैठक में विश्वविद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष रूप से डीजीपी को बुलाया गया था।
विभाग और विवि में हो समन्वय : मंत्री
बैठक में उपस्थित उच्च, तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री नीरा यादव ने बेहतर शैक्षणिक माहौल के लिए विभाग और विश्वविद्यालयों के बीच समन्वय पर जोर दिया। रांची वेटरीनरी कॉलेज के संबंध में उन्होंने कहा कि तीन साल बंद रहने के बाद इस साल यहां नामांकन लिया गया है।
पांचवें वेतन आयोग के बकाया का दें प्रस्ताव
विश्वविद्यालयों द्वारा पांचवें वेतन आयोग के बकाया की मांग पर उच्च, तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के सचिव अजय कुमार सिंह ने विश्वविद्यालयों से आवश्यक राशि का आकलन कर प्रस्ताव देने को कहा ताकि बकाया राशि की मांग केंद्र से की जा सके।
राज्यपाल के अन्य निर्देश
- पाठ्यक्रम में रोजगारपरक विषयों को शामिल करें।
- वेबसाइट पर सारी सूचनाएं अपलोड करें।
- शैक्षणिक स्तर ऊंचा करने पर विश्वविद्यालय ध्यान दे।