Move to Jagran APP

सियासी लफड़ा नहीं, तीव्र विकास हमारा एजेंडा : रघुवर

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्य की हर समस्या का समाधान विकास में छिपे होने के सिद्धांत वाक्य के साथ कहा है कि वे सियासत के लफड़ों में उलझने के बजाय तीव्र विकास में लगे हुए हैं।

By Bhupendra SinghEdited By: Published: Tue, 30 Aug 2016 06:50 AM (IST)Updated: Tue, 30 Aug 2016 06:54 AM (IST)
सियासी लफड़ा नहीं, तीव्र विकास हमारा एजेंडा : रघुवर

राज्य ब्यूरो, रांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्य की हर समस्या का समाधान विकास में छिपे होने के सिद्धांत वाक्य के साथ कहा है कि वे सियासत के लफड़ों में उलझने के बजाय तीव्र विकास में लगे हुए हैं। उनका कहना था कि नकारात्मक सोच से मीडिया में एक दिन की प्रसिद्धि तो मिल सकती है, लेकिन सिद्धि नहीं। नकारात्मक सोच और नकारात्मक राजनीति के कारण पूर्व में हमारे राज्य और देश में ठीक से विकास नहीं हो सका। कुछ लोग अभी भी राज्य में नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं। ऐसे लोग कभी सफल नहीं होंगे।

loksabha election banner

'झारखंड विकास संवाद कार्यक्रम' को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नारों से नहीं नीति और नीयत से चलती है। यही कारण है कि सरकार बनाते ही उनका सबसे पहला जोर नीतियां बनाने पर था। इस क्रम में नियमों को सरल बनाकर लागू किया गया।

अपने 20 माह के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में बेहतर काम हो रहा है। 21 हजार करोड़ रुपये का पूंजी निवेश आकर्षित किया गया है। आईटी पार्क, फूड प्रोसेसिंग इकाई, सीमेंट प्लांट, शिक्षण संस्थान आदि का काम शुरू हो गया है। उच्च शिक्षा और स्वास्थ्य सरकार की प्राथमिकता है। रघुवर ने यह भी कहा कि ब्यूरोक्रेसी के भरोसे विकास नहीं छोड़ा जा सकता। तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरु की नीतियों के कारण देश का समुचित विकास नहीं हो सका। रघुवर ने अपनी सरकार का फोकस केंद्र क्षेत्र विशेष के बजाय समग्र विकास बताया और कहा इस दिशा में तेजी से काम चल रहा है।

स्कूली शिक्षा को ठीक करने की जरुरत : सुदर्शन भगत

केंद्रीय मंत्री सुदर्शन भगत ने मुख्यमंत्री रघुवर दास की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास का एजेंडा लागू करने की ईमानदार कोशिश कर रहे हैं। उनके शासनकाल में परिवर्तन दिखने लगा है। कृषि क्षेत्र में सुधार किया गया है। वर्षा जल का संचय करने की योजनाओं में भी सफलता मिली है। शिक्षा क्षेत्र की कमियां दूर करने की कोशिश की जा रही है।

सुदर्शन ने सुझाव देते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों को ध्यान में रख कर प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा में सुधार के लिए बेहतर ढंग से काम करे तो अधिक सफलता मिलेगी। किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए भी काम करने की जरुरत है।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हो रहा विकास : संजय कुमार

मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुमार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नीति आयोग की बैठक में प्रधानमंत्री कह चुके हैं कि तेजी से विकास के लिए नई सोच से काम करने की जरुरत है। मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में इस दिशा में तेजी से काम चल रहा है। पिछले पंद्रह वर्षों में राज्य की कृषि विकास दर स्थिर थी, जबकि औद्योगिक विकास में गिरावट दर्ज हुई। सिर्फ सर्विस क्षेत्र की स्थिति बेहतर रही।

मुख्यमंत्री इन सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास के लिए काम कर रहे हैं। इस कारण झारखंड विकास दर के मामले में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। कृषि क्षेत्र में तेजी से विकास के लिए कृषि बजट की शुरुआत की गई है, जिसमें जल संसाधन और पशुपालन को भी शामिल किया गया है। 2017 तक राज्य के सभी घरों तक बिजली पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कई ऐसी योजनाओं की शुरुआत की गई है, जिनका बेहतर परिणाम सामने आने लगा है।

कौशल विकास से बदलेगी तस्वीर : आरके सिन्हा

राज्यसभा सदस्य आरके सिन्हा ने कहा कि युवाओं का कौशल विकास कर रोजगार उपलब्ध कराया जा सकता है। रोजगार मिलने के बाद राज्य में विकास की बयार बहेगी। गढ़वा जैसे सुदूर क्षेत्र में उनका यह प्रयोग सफल रहा है। वहां के दो लाख लोगों को उनकी कोशिश से रोजगार मिला है। राज्य में किसानों के उत्पादों का सही मूल्य मिले, इसके लिए काम करने की जरुरत है। राज्य सरकार इस दिशा में बेहतर काम कर रही है। आने वाले दिनों में झारखंड की तस्वीर और बेहतर होगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.