सीएनटी-एसपीटी एक्ट पर सरकार को घेरेगी कांग्रेस
रांची : सीएनटी-एसपीटी एक्ट संशोधन अध्यादेश (प्रस्तावित) पर प्रतिपक्षी कांग्रेस ने अब ताल ठोंकी है। श
रांची : सीएनटी-एसपीटी एक्ट संशोधन अध्यादेश (प्रस्तावित) पर प्रतिपक्षी कांग्रेस ने अब ताल ठोंकी है। शुक्रवार को विधायक क्लब में प्रदेश कांग्रेस कोआर्डिनेशन कमेटी की बैठक में यह आम राय बनी। बाद में पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत ने कहा कि अभी प्रदेश कमेटी भंग है। इसलिए एक सप्ताह के अंदर प्रमंडलीय कमेटियां गठित करने के लिए सक्रिय नेताओं और कार्यकर्ताओं की सूची मांगी गई है। सूची मिलते ही हफ्ते भर में कमेटी गठित कर राज्य सरकार द्वारा राष्ट्रपति को प्रेषित सीएनटी-एसपीटी एक्ट संशोधन अध्यादेश, खराब विधि व्यवस्था और क्षेत्रवार समस्याओं को लेकर कांग्रेस राज्य और केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेगी।
भगत ने कहा कि सोशल मीडिया और पेड न्यूज के माध्यम से भाजपा सरकार पंडित जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, सोनिया गांधी और राहुल गांधी की छवि धूमिल करने का कुचक्र चला रही है। इन नेताओं के कार्यो से लोगों को रूबरू कराने के लिए चिंतन शिविर आयोजित कर रणनीति को मूर्त रूप दिया जाएगा।
बैठक में पार्टी के प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद, सह प्रभारी ताराचंद भगोरा, कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, राज्यसभा सदस्य प्रदीप कुमार बलमुचू, धीरज प्रसाद साहू, प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष अनूप सिंह, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आभा सिन्हा के अलावा विधायक और विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष सहित अन्य शामिल थे।
रघुवर के लिए राजनीतिक गड्ढा खोदने की हुई चर्चा : बलमुचू
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य प्रदीप बलमुचू ने पत्रकारों से कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास उनके मित्र हैं। आज की बैठक में उनके लिए राजनीतिक गड्ढा खोदने की चर्चा हुई। यह सब करने से पहले संगठन को मजबूत करने और सबको एक साथ लेकर चलने पर जोर दिया गया।