पीएम के दरबार में सीएम पेश करेंगे विकास का लेखाजोखा
भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास का एजेंडा लागू करने में कितना सफल हुए हैं, इस बात का लेखाजोखा मांगा गया है।
राज्य ब्यूरो, रांची। भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास का एजेंडा लागू करने में कितना सफल हुए हैं, इस बात का लेखाजोखा मांगा गया है।
मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत सभी भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री को नई दिल्ली में तलब किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के सामने उन्हें बताना है कि राज्यों में क्या-क्या किया गया है। प्रधानमंत्री आवास में 27 अगस्त को पेश किए जाने वाले प्रेजेंटेशन को लेकर झारखंड सरकार ने तैयारी शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में किए गए प्रमुख विकास कार्य और नीतिगत फैसलों की सूची तैयार की जा रही है। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री और अमित शाह को समझाने की कोशिश की जाएगी कि पिछले 18 महीने में सरकार ने राज्य की बेहतरी के लिए हर संभव कोशिश की है। माना जा रहा है कि इस प्रजेंटेशन के आधार पर प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री के कामकाज पर अपनी राय देंगे।
क्या किया है खास :
मुख्यमंत्री रघुवर दास के पास अपने कार्यकाल के बारे में बताने के लिए कई खास चीजें हैं। शासन में सुधार का दावा, भ्रष्टाचार पर लगाम और निवेश के लिए माहौल तैयार करने सहित कई क्षेत्रों में किए गए काम के बारे में प्रधानमंत्री को बताया जाएगा। स्थानीय नीति जैसे गंभीर मामले का सफलतापूर्वक समाधान और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में चल रहे काम, राज्य को पावर हब बनाने की तैयारी सहित कई ऐसे मामले हैं जिसे मुख्यमंत्री की उपलब्धि माना जा सकता है। राज्यसभा चुनाव में सफलता और विधानसभा के अंदर ज्यादा से ज्यादा विधायकों का समर्थन हासिल होने का श्रेय भी मुख्यमंत्री के खाते में जाएगा।