बहुत हुई गंदी राजनीति, अब मिलकर करें विकास : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड में गंदी राजनीति बहुत हो गई, अब विकास के लिए सभी साथ आएं। विपक्षी भी भ्रांतियां को दूर कर विकास में सहभागी बनें।
जागरण संवाददाता, रांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड में गंदी राजनीति बहुत हो गई, अब विकास के लिए सभी साथ आएं। विपक्षी भी भ्रांतियां को दूर कर विकास में सहभागी बनें। लोगों को कोई गुमराह न करे। गांवों में उग्रवाद व छोटे-छोटे गुंडा समूह पनप रहे हैं क्योंकि गांवों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सूचना तंत्र की समुचित व्यवस्था नहीं है। वे शनिवार को जयपाल सिंह स्टेडियम के विकास एवं वेंडर मार्केट के निर्माण कार्य का शिलान्यास कार्यक्रम में बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गांवों को भी स्मार्ट बनाना चाहती है। उन्होंने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को याद करते हुए कहा कि उनके विजन प्रोविजन ऑफ ऑल एमिनिटिज इन विलेजेज की तर्ज पर राज्य सरकार गांव में भी विकास का काम तेजी से कर रही है। गांव के गरीब, आदिवासियों को भी चौड़ी सड़क, बिजली, पानी, सिंचाई, स्कूल, स्वास्थ्य सेवाओं का अधिकार है, इसके दिशा में सरकार प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि बिना आदिवासी जमीन मालिक की अनुमति के उनसे कोई भी जमीन नहीं ली जाएगी। जमीन के बदले उन्हें चार गुणा मुआवजा राशि दी जायेगी। इसी जमीन पर अस्पताल, स्कूल आदि बनेंगे। इससे गांव की तकदीर व तस्वीर दोनों बदलेगी। शिक्षा ही राज्य, देश व समाज को आगे ले जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने पदाधिकारी कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। ईमानदारी के साथ कार्य करना होगा। अवैध पैसा कमाने, कमीशन खाने की होड़ मची है। यह प्रथा समाप्त होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार से राज्य की बदनामी हुई है। बड़े स्तर से लेकर छोटे स्तर तक के भ्रष्टाचार को समाप्त किया जाएगा। भ्रष्टाचार के मामले में सरकार कोई समझौता नहीं करेगी।
मौके पर नगर विकास मंत्री सीपी सिंह, कांके विधायक जीतू चरण राम, खिजरी विधायक रामकुमार पाहन, मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, नगर आयुक्त प्रशांत कुमार ने विचार व्यक्त किए। मौके पर सांसद रामटहल चौधरी, वार्ड संख्या 22 की पार्षद सरिता देवी, नगर आयुक्त प्रशांत कुमार, निगम के मुख्य अभियंता सुरेश पासवान आदि मौजूद थे।