आज से विधानसभा का मानसून सत्र शुरू
विधानसभा का मानसून सत्र शुक्रवार से शुरू होगा। इसको लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। कई महत्वपूर्ण मामले सदन में उठने की उम्मीद है।
राज्य ब्यूरो ,रांची। विधानसभा का मानसून सत्र शुक्रवार से शुरू होगा। इसको लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। सत्र को लेकर सत्ता और विपक्ष तैयार है। मानसून सत्र में कई महत्वपूर्ण मामले सदन में उठने की उम्मीद है। विपक्ष स्थानीय नीति, राज्यसभा चुनाव सहित कई मामलों पर सरकार को घेरने की कोशिश करेगा। सत्र के प्रथम दिन अध्यक्ष का वक्तव्य और शोक प्रकाश होगा। जिसके बाद सदन की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी जाएगी। मानसून सत्र में मात्र छह कार्यदिवस हैं।
सोमवार को मुख्यमंत्री प्रश्नकाल का आयोजन होगा और वर्तमान वित्तीय वर्ष का प्रथम अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। जिस पर 26 जुलाई को चर्चा होगी। मुख्य सचिव राजबाला वर्मा ने सत्र को लेकर सभी अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव को बगैर अनुमति के मुख्यालय नहीं छोडऩे का निर्देश दिया है।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि ध्यानाकर्षण, अल्पसूचित, तारांकित प्रश्नों का स्पष्ट जवाब निर्धारित तिथि से एक दिन पूर्व सभा सचिवालय में भेज दिया जाए। विभागीय मंत्रियों को भी इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाए।
निर्देश दिया गया है कि विधायी कार्य के निष्पादन में किसी भी तरह की परेशानी न हो। विधेयक पेश करने की प्रक्रिया का पूरी तरह पालन करने को कहा गया है।
विधानसभा सत्र को लेकर सभी विभागीय अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और सचिव की ड्यूटी पदाधिकारी दीर्घा में लगाई गई है। सत्र के प्रथम दिन मुख्य सचिव और डीजीपी समेत सभी विभागीय अध्यक्ष वहां मौजूद रहेंगे।