मंत्री पद के लिए मोलभाव कर रहे सुदेश
नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि आजसू प्रमुख सुदेश महतो सरकार पर दबाव बनाकर मंत्री का एक पद आजसू के लिए लेना चाहते हैं। उनकी कलई खुल चुकी है।
राज्य ब्यूरो, रांची। स्थानीयता नीति के मसले पर रघुवर सरकार को कठघरे में खड़ा कर रहे आजसू प्रमुख सुदेश महतो को नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने निशाने पर लिया है। अपने आवास पर विपक्षी दलों के नेताओं के साथ बैठक के बाद हेमंत सोरेन ने कहा कि सुदेश महतो दरअसल विरोध का दिखावा कर रहे हैं। वे सरकार पर दबाव बनाकर मंत्री का एक पद आजसू के लिए लेना चाहते हैं। उनकी कलई खुल चुकी है।
हेमंत सोरेन ने रघुवर सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया। कहा, भ्रष्टाचार चरम पर है। प्रशासन का नियंत्रण नहीं के बराबर है। लगातार हिरासत में लोगों की हत्याएं हो रही है। ईमानदार अधिकारी थाने में आत्महत्या को मजबूर हैं। इन तमाम बातों को विधानसभा के मानसून सत्र में जोरशोर से उठाया जाएगा।
इससे पूर्व हेमंत सोरेन ने कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम और झाविमो विधायक दल के नेता प्रदीप यादव संग बैठकर साझा रणनीति बनाई। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखदेव भगत और विधायक बादल पत्रलेख भी मौजूद थे। आलमगीर आलम ने भी सरकार को कठघरे में खड़ा किया। कहा, कानून-व्यवस्था की स्थिति बदतर है। कांग्रेस इसे प्रमुखता से सत्र के दौरान उठाएगी।
सुखदेव भगत ने विधानसभा की गरिमा समाप्त करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सदन के भीतर दिए गए आश्वासनों पर एक्शन नहीं होता। प्रदीप यादव ने राज्यसभा चुनाव में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। कहा, इस मसले पर सरकार को घेरेंगे। डोभा निर्माण में बड़े पैमाने पर अनियमितता को भी उजागर करेंगे।
विधायकों को दिए टिप्स
विपक्षी दलों की जुटान से पहले झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन के आवास पर पार्टी विधायक दल की बैठक हुई। इसमें दल के नेता हेमंत सोरेन ने विधायकों को टिप्स दिए। निर्देश दिया कि सदन में उपस्थिति आवश्यक है। तारतम्य बनाकर सरकार पर निशाना साधना है। झामुमो स्थानीय नीति में बदलाव के लिए मजबूती से अपनी बात सदन में रखेगी।