गोड्से से पूछताछ करने वाले हरिहर सिंह नहीं रहे
रांची : ब्रिटिश राज में गैलेंट्री अवार्ड से सम्मानित एएसपी के पद से सेवानिवृत्त हरिहर सिंह का गुरुव
रांची : ब्रिटिश राज में गैलेंट्री अवार्ड से सम्मानित एएसपी के पद से सेवानिवृत्त हरिहर सिंह का गुरुवार की सुबह लालपुर के आर्किड अस्पताल में निधन हो गया। अपने सेवाकाल के दौरान नाथूराम गोड्से से पूछताछ करने के लिए गई बिहार सीआइडी की टीम में वे भी शामिल थे। वे 98 वर्ष के थे। वे पिछले एक वर्ष से प्रोस्टेट कैंसर से ग्रसित थे। उनका निधन फेफड़े में संक्रमण के कारण हुआ।
वर्ष 1940 में पुलिस सेवा में आए हरिहर सिंह वर्ष 1977 में सेवानिवृत हुए थे। उनकी पहचान ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ व जांबाज पुलिस अधिकारी के रूप में थी। 1946 में भागलपुर के दंगा को रोकने तथा 1958 में शाहाबाद के दुर्दात दस्यु शंभू सिंह गिरोह पर नियंत्रण कर वे बिहार पुलिस के हीरो बन गए थे। बिहार के बहुचर्चित बागवानी घोटाला को राजनीति दबाव के बावजूद उजागर करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी, जिसमें कई आइएएस अधिकारी भी फंसे थे। सेवानिवृत अधिकारी हरिहर सिंह अपने पीछे तीन पुत्र, तीन पुत्रियां, नाती-पोते सहित भरापुरा परिवार छोड़ गए हैं। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार की सुबह नौ बजे हरमू मुक्तिधाम में होगा। उनके बेटे ओमप्रकाश सिंह ने यह जानकारी दी।