रांची में चलती कार में छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास
रांची में रहकर पढ़ाई कर रही बोकारो के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र की एक 22 वर्षीया छात्रा के साथ लालपुर क्षेत्र में चलती कार के अंदर सामूहिक दुष्कर्म की कोशिश की गई। वह रांची के ही थड़पखना के एक लॉज में रहती है।
रांची। रांची में रहकर पढ़ाई कर रही बोकारो के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र की एक 22 वर्षीया छात्रा के साथ लालपुर क्षेत्र में चलती कार के अंदर सामूहिक दुष्कर्म की कोशिश की गई। वह रांची के ही थड़पखना के एक लॉज में रहती है। साथियों ने उसे कोल्डड्रिंक में जबरन शराब मिलाकर पिलाई और उसे निर्वस्त्र कर दिया। इसके बाद युवकों ने युवती से सामूहिक दुष्कर्म की कोशिश की, लेकिन तभी फोन की घंटी बजने से सभी हड़बड़ा गए और छात्रा के हल्ला करने पर सभी पकड़े भी गए। गिरफ्तार आरोपियों में लोहरदगा के पावरगंज चौक निवासी केतन मिस्त्री शर्मा का बेटा विकास कुमार शर्मा (वर्तमान में कर्बला चौक, लोअर बाजार), सदर के बीआइटी मेसरा निवासी उपेंद्र कुमार उर्फ मस्त महतो व लोअर बाजार के चर्च रोड, रोशनी मेस निवासी विक्की शामिल हैं। तीनों गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिए गए।
आरोपियों के खिलाफ छेडख़ानी और दुष्कर्म के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। उनके पास से वह स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद कर ली गई है, जिसे लालपुर थाने में रखा गया है।
छात्रा ने बताया है कि 30 अप्रैल 2016 की शाम करीब साढ़े छह बजे उनके मोबाइल पर विकास का फोन आया। विकास ने उसे लालपुर चौक बुलाया। शाम करीब सात बजे वह उसके साथ चाय पीने के लिए गई। वहां पहले से उसके दो साथी उपेंद्र कुमार व विक्की थे। चारों ने एक साथ चाय पी। उसके बाद विकास ने छात्रा से कहा कि उसे छात्रा के जन्मदिन की पार्टी चाहिए। तब छात्रा ने कहा कि वह रोल खिला देगी। यह कहकर सभी महात्मा गांधी रोड में सर्जना चौक स्थित हेस्टी-टेस्टी रेस्टोरेंट जाने के लिए उपेंद्र की स्विफ्ट डिजायर कार में बैठ गए। गाड़ी थोड़ी दूर आगे बढ़ी तो विक्की ने कोल्डड्रिंक में शराब डालकर पीने के लिए दबाव दिया, लेकिन छात्रा ने पीने से इन्कार कर दिया। सबने दबाव देकर साफ्ट ड्रिंक के नाम पर उसे शराब पिला दी।
छात्रा की मेडिकल जांच
मामला दर्ज होने के बाद लालपुर पुलिस ने तीनों ही आरोपियों को जहां जेल भेज दिया, वहीं सदर अस्पताल रांची में छात्रा की मेडिकल जांच कराई। मेडिकल जांच में छात्रा के शरीर पर जख्म की पुष्टि हुई है।