चाईबासा में युवा आदिवासी नेता की हत्या
चार पहिए वाहन पर सवार अपराधियों ने गुरुवार की देर रात मोटरसाइकिल चला रहे आदिवासी नेता दीपक सामड की पीठ में गोली दाग दी। उनकी मौत हो गई।
चाईबासा। चार पहिए वाहन पर सवार अपराधियों ने गुरुवार की देर रात मोटरसाइकिल चला रहे आदिवासी नेता दीपक सामड की पीठ में गोली दाग दी। बावजूद इसके जान बचाने के लिए खून से लथपथ 34 वर्षीय दीपक अपनी हिम्मत जुटाकर दो किमी तक मोटरसाइकिल चलाते हुए आगे बढ़ते गए लेकिन बारकुंडिया पुल के पास वे गिर पड़े जहां उनकी मौत हो गई। उनका शव रात भर वहीं पड़ा रहा। सुबह राहगीरों की नजर जब पड़ी तो मुफ्फसिल थाना में सूचना दी। दीपक सामड आदिवासी हो युवा महासभा के पूर्व केंद्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की जय भारत समानता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता थे। वे तांतनगर ओपी क्षेत्र के गितिलादेर गांव के निवासी थे।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंची और मामले की जानकारी लेने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। हत्या किसने और क्यों की, पुलिस इसकी छानबीन में जुट गई है। परिजनों ने बताया कि गुरुवार दोपहर लगभग दो बजे वे यह कहकर घर से निकले थे कि सदर अस्पताल में कोई गर्भवती भर्ती है उसे देखने जा रहे हैं। इसके बाद वे घर नहीं लौटे। बताया जा रहा है कि दीपक सामड अपने साथियों के साथ सदर अस्पताल गए थे। यहां एक दोस्त की पत्नी गर्भावस्था में भर्ती थी उसे खून की कमी थी। उन्होंने अपने साथियों के साथ उक्त महिला के लिए खून की व्यवस्था की। इसके बाद महिला को जमशेदपुर रेफर कर दिया गया। रात लगभग साढ़े आठ वे अपनी मोटरसाइकिल से गांव लौट रहे थे। तभी सफेद रंग के चार पहिया वाहन पर घात लगाये बैठे अपराधियों ने पीछा करते हुए घटना को अंजाम दिया।