इंडोनेशिया से गिरफ्तार अनिल वस्तावड़े जमानत पर छूटे
मनी लाउंड्रिंग मामले के आरोपी अनिल आदिनाथ वस्तावड़े शुक्रवार को जमानत पर छूट गये। वह रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में पिछले तीन साल से बंद थे।
रांची । मनी लाउंड्रिंग मामले के आरोपी अनिल आदिनाथ वस्तावड़े शुक्रवार को जमानत पर छूट गये। वह रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में पिछले तीन साल से बंद थे। इसके पूर्व उनकी ओर से ईडी के विशेष न्यायाधीश बीके तिवारी की अदालत में एक-एक लाख रुपये का दो बेल बांड भरा गया। जिसके बाद अदालत ने उन्हें छोडऩे का आदेश दिया।
अनिल आदिनाथ वस्तावड़े को 21 जनवरी 2013 को इंटरपोल की मदद से इंडोनेशिया से गिरफ्तार किया गया था। जिसके बाद उन्हें 30 जनवरी 2013 को ईडी के विशेष कोर्ट में पेश किया गया। जहां से अदालत ने उन्हें बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा भेज दिया था। वस्तावड़े को पिछले दिनों झारखंड हाईकोर्ट से जमानत मिली थी।
ईडी की जांच में वस्तावड़े के खिलाफ चार करोड़ 93 लाख 16 हजार 240 रुपये मनी लाउंड्रिंग का आरोप सही पाया गया था। एक जुलाई 2013 को न्यायालय में आरोप गठित किया गया था। वस्तावड़े पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा के करीबी थे।