13 साल से गायब अभियंता सेवामुक्त
रांची : जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता प्रकाश चंद्र लाल पिछले 13 वर्षो से गायब हैं। इन सालों म
रांची : जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता प्रकाश चंद्र लाल पिछले 13 वर्षो से गायब हैं। इन सालों में विभागीय स्तर से उनकी खूब खोज खबर ली गई लेकिन कोई जानकारी हासिल नहीं हुई। अंतत: विभागीय मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी ने उन्हें सेवा मुक्त करने के फैसले पर मुहर लगा दी।
तत्कालीन सहायक अभियंता प्रकाश लाल आदित्यपुर स्थित लघु वितरणी प्रमंडल के मुख्य अभियंता कार्यालय में पदस्थापित थे। उन्होंने 10 अगस्त 1997 को तीस दिनों की छुट्टी के लिए आवेदन दिया और कई सालों तक वापस नहीं लौटे। राज्य गठन के बाद कुछ समय के लिए उन्होंने विभाग में पुन: योगदान दिया और 2002 में दोबारा अवकाश लेकर चले गए। इस बीच विभागीय स्तर पर उनकी काफी खोजबीन की गई। उनके पते पर कई पत्र भी भेजे गए लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। विभाग ने सार्वजनिक स्तर पर सूचना भी प्रकाशित कराई लेकिन फिर भी उनका कोई पता नहीं चला। प्रकाश चंद्र के गायब रहने के मामले में अभियंता प्रमुख-1 को संचालन पदाधिकारी बनाया गया था। लंबे समय तक खोज खबर न मिलने के कारण अंतत: उन्हें सेवामुक्त करने का निर्णय लिया गया।