संस्कारयुक्त सेवा करती है भारत विकास परिषद
रांची : भारत विकास परिषद संस्कारयुक्त सेवा करने में महती भूमिका निभाती है। यह देश की पहली संस्था है
रांची : भारत विकास परिषद संस्कारयुक्त सेवा करने में महती भूमिका निभाती है। यह देश की पहली संस्था है जो सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करती है। परिषद का कार्य सराहनीय है। यह बातें नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने कही। वह शनिवार को होटल राज रेसीडेंसी में आयोजित भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की दो दिवसीय बैठक के उद्घाटन में बोल रहे थे।
मंत्री ने कहा कि परिषद सरकार की 'स्वच्छ भारत' अभियान में सक्रियता के साथ जुड़े तो अभियान को और बल मिलेगा। उन्होंने सेवा के क्षेत्र में परिषद की ओर से किए जा रहे कार्यो की सराहना की। परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीताराम पारीक ने मंत्री के सुझाव का स्वागत किया। साथ ही हर संभव उसे पालन करने की बात कही। राष्ट्रीय महामंत्री अजय दत्त ने कहा कि परिषद विशिष्ट स्वयंसेवी संगठन है। यह संस्कार और सेवा के क्षेत्र में विशेष कार्य करती है। उन्होंने परिषद के प्रकल्पों से लोगों को अवगत कराया।
मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवशरण अस्थाना को परिषद में 75 वर्ष पूरे होने पर 'विकास समर्पण' सम्मान से सम्मानित किया गया। मंत्री सीपी सिंह ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में स्वागत भाषण प्रांतीय अध्यक्ष बीडी साहू व संचालन प्रांतीय महासचिव दीपक रुईया ने किया। क्षेत्रीय महामंत्री प्रमोद कुमार अंबष्ठ ने बताया कि बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी। बैठक में डॉ. सूर्यचंद्र गुप्ता, एसएन पांडा सहित पूरे देश से परिषद के 56 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। रविवार को बैठक 9:30 बजे से प्रारंभ होगी और दोपहर दो बजे इसका समापन होगा।