आजसू ने शुरू की लोहरदगा उपचुनाव की तैयारी
रांची : आजसू ने लोहरदगा उपचुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। कमल किशोर भगत को सजा होने के कारण उनकी सदस्
रांची : आजसू ने लोहरदगा उपचुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। कमल किशोर भगत को सजा होने के कारण उनकी सदस्यता रद होने के बाद रिक्त हुई इस सीट पर आजसू चुनाव लड़ेगी। शनिवार को अपने आवास पर लोहरदगा के पार्टी नेताओं के साथ उपचुनाव की तैयारियों पर बैठक करते हुए पार्टी अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा कि एनडीए के गठबंधन के तहत आजसू ही यह चुनाव लड़ेगी। इसे लेकर भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ उनकी बात भी हुई है।
सुदेश ने बैठक में पार्टी नेताओं को उपचुनाव में जुट जाने तथा कमल किशोर प्रकरण की सच्चाई से वहां के लोगों को अवगत कराने का निर्देश दिया। बैठक में 9 जुलाई को लोहरदगा के पंचायत प्रभारियों के सम्मेलन बुलाने का भी निर्णय लिया गया। इसमें न्याय यात्रा तथा 28 सितंबर को न्याय सभा आयोजित करने की तैयारियों पर भी चर्चा होगी। बैठक में प्रवक्ता देवशरण भगत ने लोहरदगा के कार्यकर्ताओं को बताया कि पार्टी ने मुख्यमंत्री से इस प्रकरण में एसआइटी गठित करने की मांग की है। बैठक में केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी, सुबोध प्रसाद, नईम अंसारी, सूरज अग्रवाल तथा लोहरदगा के कई पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।