केएन त्रिपाठी के भाई को गिरफ्तार करें नहीं तो आंदोलन
रांची : श्रम विभाग के अवर सचिव सतीश कुमार के साथ मारपीट करने के मामले के मुख्य आरोपी गोपाल त्रिपाठी
रांची : श्रम विभाग के अवर सचिव सतीश कुमार के साथ मारपीट करने के मामले के मुख्य आरोपी गोपाल त्रिपाठी (पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी के भाई) की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सचिवालय सेवा के पदाधिकारियों व सहायकों ने सोमवार को प्रोजेक्ट भवन में आमसभा किया। इस क्रम में उन्होंने सचिवालय के अंदर प्रदर्शन भी किया। बाद में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव एनएन पांडेय को ज्ञापन सौंपते हुए मुख्य आरोपी गोपाल त्रिपाठी को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही गिरफ्तारी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी है। इस मामले में एनएन पांडेय ने मुख्यमंत्री को पूरे प्रकरण से अवगत करा दिया है। वहीं स्थानीय प्रशासन को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।
इधर, पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में श्रम सचिव राहुल शर्मा व रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखा है। उन्होंने अवर सचिव पर सरकारी पद के दुरुपयोग करने, मारपीट, अवैध वसूली व कानूनी तौर पर अनुचित गाड़ी को नीलाम करने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। यह भी कहा है कि सतीश कुमार अपनी गलतियों को छिपाने के लिए उनके भाई का नाम घसीट रहे हैं।