जोनल पदाधिकारी पर होगा यातायात का जिम्मा
रांची : रांची जिले की यातायात व्यवस्था को 33 जोन में बांट दिया गया है। प्रत्येक जोन में एक जोनल पदाध
रांची : रांची जिले की यातायात व्यवस्था को 33 जोन में बांट दिया गया है। प्रत्येक जोन में एक जोनल पदाधिकारी के जिम्मे संबंधित क्षेत्र की यातायात व्यवस्था होगी। यातायात एसपी कार्तिक एस ने बुधवार को एसएसपी कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी।
बताया कि रांची जिले के सभी चार यातायात थानों में यातायात कोतवाली को सात, यातायात गोंदा को आठ, यातायात लालपुर को नौ व यातायात जगन्नाथपुर को नौ जोन में बांटा गया है। प्रत्येक जोन में एक जोनल पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति होगी।
एसपी ने बताया कि सभी पदाधिकारी एक टास्क फोर्स की तरह काम करेंगे। चौक-चौराहों से लेकर गलियों तक में विशेष अभियान चलाने का जिम्मा इन जोनल पदाधिकारियों के जिम्मे होगा। वे अपने जोन के चप्पे-चप्पे की जानकारी रखेंगे और वहां की वस्तु स्थिति से अवगत होते रहेंगे। विशेष अभियान के दौरान जोनल पदाधिकारी टास्क फोर्स की तरह काम करेंगे। क्रेन पार्टी हमेशा तैयार रहेगा और पूरे शहर में घूमेगा।