तीन सितंबर को अभाविप जारी करेगा काला दस्तावेज
रांची : वर्तमान शिक्षा में दुर्व्यवस्था, लूट-खसोट आदि विषयों पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद राज्य सरकार के खिलाफ काला दस्तावेज जारी करेगा। शिक्षा में अराजकता, भ्रष्टाचार व राज्य सरकार की उदासीनता को लेकर आगामी तीन सितंबर को राज्य भर के अभाविप के छात्र नेताओं का सम्मेलन रांची में होगा। यह जानकारी बुधवार को अभाविप के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार व प्रदेश मंत्री राजेश साह ने पत्रकार वार्ता में दी।
दोनों ने कहा कि राज्य में केजी से लेकर पीजी तक की पढ़ाई में लूट मची है। शिक्षकों की कमी के कारण कई संकाय बंद हो चुके हैं। छात्रावास जर्जर हो गए हैं। छात्रवृत्ति भुगतान में घोर अनियमितता है। विवि भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है। बीएड के नाम पर अरबों की कमाई हो रही है। कॉलेज प्रभारी प्राचार्य के भरोसे चल रहे हैं। कहा, स्कूलों की भी स्थिति ऐसी ही है। लोहरदगा व हजारीबाग में एक भी स्थायी प्राध्यापक नहीं हैं। विद्यार्थियों को किताब, पोशाक तक नहीं मिल सका है। विद्यार्थी परिषद सभी का भंडाफोड़ करेगी। समस्याओं को लेकर आंदोलन होगा। मौके पर महानगर मंत्री शशांक राज, अटल पांडेय आदि उपस्थित थे।