गहना साफ करने का झांसा देकर ठगने वाले को दबोचा
रांची : गहना साफ करने का झांसा देकर ठगी करने के आरोप में महिला ने पड़ोसियों के साथ मिलकर एक व्यक्ति को शुक्रवार की दोपहर धर दबोचा। लोग जुट गए और उसकी धुनाई कर दी। उसके बाद उसे कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस बीच उसका एक साथी भागने में सफल रहा। आरोपी कन्हैया प्रसाद साहू ने खुद को भागलपुर जिले के मोदीपुर गांव का निवासी बताया है। अपने साथी का नाम साजन बताया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
मारवाड़ी वीमेंस कॉलेज के समीप पुष्पांजलि अपार्टमेंट के पास रहनेवाली सुमन टिबड़ेवाल ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर आरोपी उनके घर आया और पूजा की घंटी साफ करने के लिए उठाया। उसे ऐसा करने से मना कर दिया गया, तो उसने बताया कि वह चांदी व सोने के जेवरात भी साफ करता है। महिला से उसने पायल मांगा और उसे साफ कर लौटा दिया। उसके बाद उसने सोने की चेन साफ करने के लिए लिया। फिर पानी में पाउडर घोल कर चेन को दो-तीन बार उसमें डाला और निकाला। फिर कहा कि एक बर्तन में चेन को रखकर हल्की आंच देनी होगी। इसी बीच उसने चेन गायब कर दिया। उसकी गतिविधि देखकर महिला को शक हुआ। जब वह चेन की खोजबीन करने लगी, तो वह भागने लगा। यह देख महिला ने शोर किया और पड़ोसियों की मदद से उसे दबोच लिया गया।