उदय मेहता गोली कांड की माओवादियों ने ली जिम्मेदारी
पांडू, पलामू : भाकपा माओवादी संगठन ने बुधवार को पांडू के महुगावां गर्ल्स स्कूल की दीवार पर हस्तलिखि
पांडू, पलामू : भाकपा माओवादी संगठन ने बुधवार को पांडू के महुगावां गर्ल्स स्कूल की दीवार पर हस्तलिखित पोस्टर चिपकाकर उदय मेहता पर गोली चालन घटना की जिम्मेदारी ली है।
पोस्टर में भाकपा माओवादी के एरिया कमांडर अजय यादव ने कहा है कि मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के कादल गांव निवासी उदय मेहता अपराधी किस्म का व्यक्ति है। उसके विरुद्ध मोहम्मदगंज थाना में मामला दर्ज है। कोर्ट में भी मामला चल रहा है। पोस्टर में लिखा है कि पांडू थाना क्षेत्र के ग्राम डालाकला के संजय मेहता की पत्नी अनिता देवी की हत्या में उदय शामिल था। बताया है कि अनिता देवी को परिवार वाले हमेशा प्रताड़ित करते रहते थे। इसकी शिकायत अनिता देवी ने माओवादी संगठन से की थी। संगठन ने कई बार समझौता कराया था। बावजूद संजय मेहता का बहनोई उदय मेहता ने मानने से इंकार किया। इसके बाद संगठन ने संजय मेहता के घर में 18 जून को तालाबंदी की थी। इन्होंने ताला तोड़ दिया था। इसके बाद माओवादियों ने उदय मेहता पर गोली चलाई थी। माओवादी ने इससे बड़ी घटना का अंजाम देने की चेतावनी दी है।
मालूम हो कि रविवार चार दिसंबर को मोहम्मगंज के कादल गांव निवासी उदय मेहता को दोपहर 2.20 बजे कादल गावं एवं भीम चूल्हा के बीच तीन लोगों ने कनपटी में गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस मामले में मोहम्मदगंज थाने में दो नामजद व एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।