कान में तेल डालकर सो रही सरकार, नहीं मानेंगे हार
गढ़वा : 18 सूत्री मांगों को लेकर जिले भर के अनुसचिवीय कर्मचारियों का हड़ताल शुक्रवार को पांचवें दिन
गढ़वा : 18 सूत्री मांगों को लेकर जिले भर के अनुसचिवीय कर्मचारियों का हड़ताल शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। हड़ताली कर्मचारियों ने निबंधन कार्यालय के समक्ष धरना दिया तथा सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की।
मौके पर हड़ताली कर्मचारियों ने कहा कि गढवा जिला समेत प्रदेश के सभी 24 जिलों में अनुसचिवीय कर्मचारी पिछले पांच दिनों से बेमियादी हड़ताल पर हैं। महंगाई आसमान छू रहा है तथा परिस्थितियों दिन ब दिन बदल रही है। सरकारी कार्यों का त्वरित कार्रवाई के लिए सरकार के स्तर से पत्र के माध्यम से निर्देश दिया जा रहा है। जनता के हित में सरकार द्वारा तरह-तरह के नए-नए कानून मसलन जनसंवाद, सूचना का अधिकार आदि कानून लागू किए जा रहे हैं, लेकिन अनुसचिवीय कर्मचारियों के वेतन एक दिहाड़ी मजदूर के बराबर भी देने का काम नहीं कर रही है।
वक्ताओं ने कहा कि पिछले पांच दिनों से राज्यभर के अनुसचिवीय कर्मचारी हड़ताल पर हैं। वहीं दूसरी ओर सरकार कान में तेल डालकर सो रही है। इन्होंने कहा कि हड़ताल के कारण आम जनता की तनिक भी फिक्र सरकार को नहीं है। जनता के परेशानियों का जिम्मेदार सिर्फ और सिर्फ सरकार है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष सरकार के आश्वासन में आकर अनुसचिवीय कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर दिया था, पर इस बार ऐसा नहीं होना वाला। हम सरकार के किस भी झांसे में आने वाले नहीं हैं। जब तक हमारी सभी मांगों को सरकार नहीं मान लेती यह हड़ताल जारी रहेगा। इस मौके पर टीएस पांडेय, रघुवीर कौशिक, दीपक चक्रवर्ती, इरफान हबीब समेत कई लोग उपस्थित थे।