पियक्कड़ युवकों ने सदर अस्पताल में की तोड़फोड़
मेदिनीनगर : स्थानीय प्रमंडलीय सदर अस्पताल में मंगलवार की देर रात कुछ मनचले युवकों ने जमकर उत्पात मच
मेदिनीनगर : स्थानीय प्रमंडलीय सदर अस्पताल में मंगलवार की देर रात कुछ मनचले युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। अस्पताल के मेन गेट व शीशों को तोड़ डाला। साथ ही उन्होंने जमकर हंगामा भी किया। इतना ही नहीं, चिकित्सक व अस्पताल गार्ड के साथ अभद्र व्यवहार किया। पुलिस से भी उलझ गए। घटना रात्रि करीब डेढ़ बजे की है। जानकारी के अनुसार आधी रात में चार-पांच मनचले पियक्कड़ युवक अस्पताल में पहुंचकर अचानक तोड़तोड़ करने लगे। बढ़ते हंगामा को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात डॉ. राजेश्वर रंजन ने कैदी वार्ड में तैनात पुलिस कर्मियों को इसकी जानकारी दी। बताया जाता है कि उक्त मनचले युवकों ने चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मियों व गार्ड के साथ भी अभद्र व्यवहार किया है।
घटना की सूचना मिलते ही आधी रात को पलामू के सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार सिंह,सार्जेट मेजर समीर कुमार, उपाधीक्षक डॉ.अवधेश सिंह व अस्पताल मैनेजर रवि शंकर सदर अस्पताल पहुंचे। फौरन शहर थाना पुलिस ने अस्पताल में बेवजह हंगामा कर रहे चारों युवकों को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए युवकों में चैनपुर निवासी राकेश टोप्पो, टोनू जायसवाल, शाहपुर निवासी मनोज शर्मा व गढ़वा जिला के भंडरिया निवासी विकास का नाम शामिल है। इधर, पूरी घटना अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में कैद है।
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अवधेश सिंह ने बताया कि हंगामा कर रहे चारों युवक नशे में धुत थे। युवकों के साथ कोई मरीज भी नहीं था। बेवजह वे लोग हंगामा कर रहे थे। शहर थाना पुलिस चारों को हिरासत में लिया है।
- ------
हिरासत में लिए गए चारों युवकों से पुलिस पूछताछ कर रही है। चारो युवक शराब के नशे में थे। ये लोग किसी का इलाज कराने अस्पताल गए थे। ये सभी पुलिस जवान से भी उलझ गए थे।
व्यास राम, शहर थाना प्रभारी, मेदिनीनगर, पलामू।