तीन माह के लिए निर्गत होगा अस्थाई कार्ड
मेदिनीनगर : जिला परिषद अध्यक्ष के चेंबर में मंगलवार को जिप की महिला शिशु एवं कल्याण समिति की बैठक हु
मेदिनीनगर : जिला परिषद अध्यक्ष के चेंबर में मंगलवार को जिप की महिला शिशु एवं कल्याण समिति की बैठक हुई। इसका समन्वयन जिप अध्यक्ष अनिता देवी व अध्यक्षता समिति अध्यक्ष सह मेदिनीनगर उत्तरी की जिप सदस्य आशा तिवारी ने की। बैठक में जिले जनवितरण प्रणाली की लचर आपूर्ति व्यवस्था,कालाबाजारी, गिरती स्वास्थ्य व्यवस्था पर सदस्यों ने आवाज उठाई। सदस्यों ने कहा कि जनवितरण प्रणाली में अनाजों के उठाव व वितरण में गड़बड़ी की जा रही है। अनाजों की कालाबाजारी जारी है। केरोसिन का वितरण नहीं किया जा रहा है। प्रखंड क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था लचर हो चुकी है। बैठक में उपस्थित जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने सदस्यों को विश्वास दिलाया कि इसके लिए अलग से समीक्षा बैठक की जाएगी। मृतक लाभुकों के नाम पर हो रहे अनाज उठाव पर रोक लगाई जाएगी।
बैठक में समिति सदस्य मदन पासवान ने पूछा कि लाभुकों का नया कार्ड बन रहा है या नहीं। इस पर अधिकारियों ने बताया कि तीन माह के लिए अस्थाई कार्ड निर्गत किया जाएगा। इसके बाद स्थायी कार्ड निर्गत किए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में 86.16 एवं शहरी क्षेत्र में 16.4 प्रतिशत लोगों को कार्ड मुहैया कराने का लक्ष्य है। यह कार्ड बीपीएलधारियों को दिया जाएगा। डीएसओ ने स्पष्ट किया कि जिले में मात्र तीन एजीएम व पांच प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी हैं। इस कारण अनाजों की कालाबाजारी पर पूरी तरह अंकुश लगाना संभव नहीं हो पा रहा है। सिविल सर्जन ने कहा कि सदर प्रखंड के फ्लोराइड प्रभावित क्षेत्र सुआ कौड़िया में पांच अप्रैल को स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित होगा। बैठक में शिविर के सफल संचालन के लिए प्रचार प्रसार पर बल दिया गया। सीएस ने कहा कि ममता वाहन का किराया पांच सौ है। सदस्य मेदिनीनगर दक्षिणी के जिप सदस्य अर्जुन सिंह ने कहा कि 1.44 करोड़ की लागत से चुकरू ग्रामीण पेयजलापूर्ति योजना का कार्य बंद है। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस पर पेयजल स्वच्छता विभाग से बात की जाएगी। जिप सदस्य सुजाता सिंह ने पांकी में जब्त किए गए आंगनबाड़ी के 45 बोरा पोषाहार का मामला उठाया। कार्रवाई की मांग की। तत्काल बैठक में कमेटी गठित की गई। इसमें समिति अध्यक्ष आशा तिवारी, समाज कल्याण पदाधिकारी, जिप सदस्या कौशल्या देवी, मदन पासवान शामिल किए गए। अप्रैल के प्रथम सप्ताह में यह कमेटी जांच रिपोर्ट सौंप देगी। जिले के सभी सीडीपीओ ने कहा कि हर सप्ताह एक आंगनबाड़ी का निरीक्षण कराया जाएगा। पोषाहार के रखाव के लिए गोदाम की कोई व्यवस्था नहीं है। बैठक में सिविल सर्जन डा. विजय सिंह, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिप सदस्य कौशल्या देवी, मदन पासवान, सुजाता सिंह, अर्जुन सिंह समेत चैनपुर, सदर, हुसैनाबाद आदि प्रखंडों की सीडीपीओ उपस्थित थे।