मीटर चेकिंग को लेकर छापामारी जारी
मेदिनीनगर : बिजली विभाग ने पलामू में छापामारी अभियान चलाकर मीटर की जांच शुरू कर दी है। इसके लिए रांच
मेदिनीनगर : बिजली विभाग ने पलामू में छापामारी अभियान चलाकर मीटर की जांच शुरू कर दी है। इसके लिए रांची से उड़नदस्ता टीम आई है। इसका नेतृत्व बिजली बोर्ड के कार्यपालक अभियंता स्तर के पदाधिकारी उमेश दास कर रहे हैं। टीम में रांची के एई नीतीश कुमार, एरिया बोर्ड मेदिनीनगर के कार्यपालक अभियंता शकील आलम, एई रंजीत कुमार व मेदिनीनगर टू जोन के जेई ओमप्रकाश लाल शामिल हैं। शुक्रवार को सर्किट हाउस रोड, इंडस्ट्रियल एरिया में कई घरों में औचक निरीक्षण कर मीटर की जांच की गई। इसमें मीटर रीडिंग व बिल का मिलान किया गया। टीम के अध्यक्ष उमेश दास ने बताया कि यह टीम विशेष रूप से बोर्ड की ओर से गठित है। टीम गत दो महीना से कार्यरत है। बीच-बीच में मेदिनीनगर शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में मीटर की जांच करती है। दोषी पाए जाने पर उपभोक्ता व बिलिंग एजेंसी पर भी कार्रवाई की जाएगी। बताया कि पिछले नवंबर 2014 में उड़नदस्ता टीम ने पलामू, गढ़वा व लातेहार जिला में दो लाख यूनिट का अंतर पाया। इसकी जांच रिपोर्ट जीएम, अधीक्षण अभियंता व कार्यपालक अभियंता को दी गई। इसके बाद संबंधित उपभोक्ताओं से राशि वसूली गई। श्री दास ने बताया कि मीटर से छेड़छाड़ करने पर उपभोक्ताओ के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। छापामारी अभियान कल शनिवार को भी जारी रहेगी। ज्ञातव्य हो कि मीटर चेकिंग अभियान में चलने से पलामू एरिया बोर्ड में राजस्व में वृद्धि हुई है।