मुआवजे को ले ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
मेदिनीनगर : सदर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत भूसही के आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार को चार घंटे तक मेदिनी
मेदिनीनगर : सदर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत भूसही के आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार को चार घंटे तक मेदिनीनगर-भूसही मार्ग को कांदू मुहल्ला एचपी गैस गोदाम के पास जाम रखा। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसका नेतृत्व भूसही निवासी रविंद्र कुमार ने किया। जामकर्ता कांदू मुहल्ला से भूसही श्मशान घाट तक पीसीसी पथ निर्माण समेत मृतका के पुत्र को मुआवजा व नौकरी देने की मांग पर अड़े थे। बाद में सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी जुल्फेकार अंसारी व शहर थाना प्रभारी व्यास राम घटनास्थल पर पहुंचे। पदाधिकारियों के समझाने के बाद लोग माने और जाम हटाया। बीडीओ ने सड़क निर्माण कराने व पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत राशि देने का आश्वासन दिया। फिलहाल निजी मद से पदाधिकारी व अन्य लोगों ने पीड़ितों को सहायता राशि भी दी।
सोमवार को कांदू मुहल्ला के पास सड़क दुर्घटना में दो महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई थी। इलाज के दौरान घायल नगिया देवी की मौत रांची में हो गई। इसके लिए सड़क को दोषी ठहराते हुए आक्रोशित लोगों ने मार्ग जाम किया था। मौके पर दिनेश शर्मा, ओम गुप्ता, रंजीत प्रसाद सिन्हा, भरत सिंह आदि उपस्थित थे। रविंद्र कुमार ने बताया कि इस जर्जर सड़क का निर्माण कराने की मांग वर्षो से की जा रही है। बावजूद आज तक सड़क को दुरुस्त नहीं किया गया है।