कांग्रेस-भाजपा ने झारखंड के खनिजों को बेचने का काम किया
कांडी : झारखंड विकास मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने शनिवार को कांडी प्रखंड के सोनभद्र
कांडी : झारखंड विकास मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने शनिवार को कांडी प्रखंड के सोनभद्र इंटर महाविद्यालय के प्रांगण में विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के पार्टी प्रत्याशी राजन मेहता के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि राज्य की बेहतरी के लिए प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में 28 माह कार्य किया। 14 वर्ष में झारखंड में 9 सरकारें एवं पांच मुख्यमंत्री बने। इस दौरान राज्य को लूटने का काम किया गया। दिल्ली में कांग्रेस व भाजपा के सरकार ने झारखंड के खनिजों को बेचा तो दूसरी और हेमंत सोरेन ने प्रदेश का बालू। उन्होंने कहा कि मेरे कार्यकाल में बालू रायल्टी फ्री था। उन्होंने कहा कि मेरी सरकार बनी तो बालू घाट को ग्रामसभा को सौपेंगे। राज्य में हत्या, लूट सहित आपराधिक घटनाओं का बोलबाला है। सरकारी स्कूल में शिक्षक नहीं अस्पताल में चिकित्सक नहीं है। राज्य की जनता बदहाल है। राज्य बनने के 14 वर्ष के बाद ही मात्र 10 प्रतिशत ही लोगों को सिंचाई सुविधा मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार बनी तो सभी योजनाएं पूरी होंगी और राज्य के सभी पारा शिक्षकों को 90 दिनों के अंदर नियमित कराया जायेगा। सभा को पार्टी के केंद्रीय सचिव प्रवीण कुमार सिंह, पार्टी प्रत्याशी राजन कुमार मेहता ने भी संबोधित किया।