राहुल ने दिखाई ताकत, मोदी को दी चुनौती
पांकी : लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली करारी हार के कारण भले ही पार्टी के अंदर और बाहर कांग्रेस
पांकी : लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली करारी हार के कारण भले ही पार्टी के अंदर और बाहर कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी को आलोचना झेलना पड़ा हो लेकिन इसके बावजूद न तो राहुल का मनोबल गिरा है और ना ही आम लोगों के बीच उनका आकर्षण कम हुआ है। पलामू जिला मुख्यालय से करीब 50 किमी. दूर सुदूर पांकी में शनिवार को कांग्रेस की चुनावी सभा में यही देखने को मिला।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की शुक्रवार को पलामू जिला मुख्यालय में हुई चुनावी सभा के दूसरे दिन राहुल की पांकी में सभा थी। मोदी की सभा में जुटी विशाल भीड़ को देखते हुए कांग्रेसियों को भय सता रहा था कि राहुल की सभा कहीं फ्लाप न हो जाए। लोस चुनाव परिणाम के बाद से कांग्रेसियों का मनोबल गिरा हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी जहां लोकप्रियता के चरम पर है वहीं राहुल कहीं से भी मोदी को चुनौती देने में सक्षम साबित नहीं हो रहे हैं। पांकी में जब दोपहर दो बजे राहुल का हेलिकॉप्टर लैंड किया तो लोगों की उपस्थिति देख राहुल का उत्साह बढ़ गया। पूरा मैदान खचाखच भरा था। बड़ी संख्या में महिलाएं भी राहुल को सुनने व देखने जुटी थीं। पांकी जैसे इलाके में जहां कांग्रेस की स्थिति कमजोर थी, यह भीड़ निश्चित ही उत्साह बढ़ाने वाली थी। हालांकि निर्दलीय विधायक विदेश सिंह इस बार कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। विदेश के कांग्रेस में शामिल होने के बाद यह किसी भी बड़े कांग्रेसी नेता की पहली सभा थी।
राहुल ने इसके बाद लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जमकर हमला बोला। काला धन का मुद्दा से लेकर झारखंड की बदहाली के लिए मोदी को निशाने पर लिया। लोगों से पूछा कि मोदी ने सौ दिन में काला धन लाने की बात कही थी। जनता से पूछा कि क्या काला धन आया? बेरोजगारों को रोजगार देने की बात कही थी। झारखंड के एक भी युवक को रोजगार मिला? भीड़ से जवाब आया कि नहीं। भूमि घोटाला की चर्चा करते हुए कहा कि सबसे बड़ा घोटाला भूमि में हो रहा है। इसे रोकने के लिए यूपीए सरकार ने भूमि अधिग्रहण विधेयक पारित किया। अब गरीबों को भी जमीन का उचित मूल्य मिलेगा। बहरहाल राहुल की इस चुनावी सभा से कांग्रेस को आक्सीजन मिला है। राहुल ने पलामू का चुनावी तापमान बढ़ा दिया है। अब रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की पलामू जिला मुख्यालय के चियांकी हवाई अड्डे पर सभा है।