स्थगन आदेश वापस न हुआ तो करेंगे अनशन
मेदिनीनगर : झारखंड सरकार आगामी 20 सितंबर की सुबह नौ बजे तक पीआइपी आवास योजना पर लगे स्थगन आदेश को वापस नहीं लेती है तो सुबह 10 बजे से लाभुक व स्थानीय जनप्रतिनिधि आमरण अनशन पर चले जाएंगे।
उक्त बातें स्वयंसेवी संगठन के प्रतिनिधि धर्मेद्र चंद्रवंशी ने कही। वे मंगलवार को स्थानीय कचहरी परिसर में धरना कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एक साजिश के तहत आवास योजनाओं को स्थगित कराया गया है। जबकि इसके लाभुक के चयन के लिए एक दर्जन गैर सरकारी संगठनों ने रांची के विशेषज्ञों की मदद से प्रशिक्षण कार्य संपन्न कराया था। इसके बाद उपविकास आयुक्त के आदेश से बीडीओ ने सदर प्रखंड में लाभुक चयन के लिए नौ एनजीओ को आदेश दिया था। इस बीच इनके द्वारा 18 सौ लाभुकों का चयन किया गया था। अब अचानक मुखिया संघ इसके विरोध में अनशन पर बैठ गया। अगर मुखिया संघ के पास प्रमाण है कि एनजीओ ने लाभुक की चयन में पैसे का लेन-देन किया है तो उसे प्रस्तुत करना चाहिए, न कि अनर्गल दबाव बनाकर योजना को रद्द कराया जाए।
मौके पर स्वयं सेवी संगठन निहारिका, नारी प्रबोधनी अंतर धारा सेवा समिति व लाइफ लाइन सोसाइटी सहित कई उप मुखिया वार्ड सदस्य उपस्थित थे। वक्ताओं ने चेक वितरण की प्रक्रिया को बिलकुल ही सही बताया। कहा कि मुखिया वार्ड सदस्य व अन्य स्थानीय प्रतिनिधियों की उपेक्षा करते हैं। कार्यक्रम में लहलहे, पोखराहा, झाबर, सुआ व कौड़िया पंचायत के भारी संख्या में लाभुक उपस्थित थे।
-------
युवा कांग्रेस ने फूंका मुंडा, रघुवर व रवींद्र का पुतला
मेदिनीनगर : पलामू लोक सभा यूथ कांग्रेस के तत्वाधान में मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष अर्जुन मुंडा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास का पुतला फूंका। युवा कांग्रेसियों का कहना था कि प्रदेश भाजपा के इशारे पर विकास को अवरूद्ध किया जा रहा है। इससे पूर्व स्थानीय अस्पताल चौक से युवा कांग्रेसियों ने पुतले के साथ विरोध मार्च निकाला। इसमें शामिल लोग भाजपा नेताओं के विरूद्ध नारेबाजी कर रहे थे। पुतला दहन के पूर्व स्थानीय छहमुहान पर आयोजित एक नुक्कड़ सभा में युवक कांग्रेस के अध्यक्ष बीटू पाठक ने कहा कि मंत्री कृष्णानंद त्रिपाठी की लोकप्रियता से भाजपा व विरोधियों में बौखलाहट है। मंत्री श्री त्रिपाठी राज्य व अपने विधान सभा क्षेत्र में विकास की एक नई इबारत गढ़ने का काम कर रहे हैं। यह भाजपाइयों को बर्दाश्त नहीं हो रहा है। संचालन महासचिव व भवनाथपुर विधान सभा प्रभारी राहुल दूबे व धन्यवाद ज्ञापन डालटनगंज अध्यक्ष राजेश चौरसिया ने किया। मौके पर शिवनंदन सिंह, अखिलेश सिंह, शेखर पांडेय, दीपक तिवारी, बन्नी सिंह, समीर तिर्की, शेखर मेहता, जेपी सिंह, जलील अंसारी, महताब अंसारी, अनूप तिवारी, चंद्रकेश चौधरी, मुन्ना ओझा, वाईद अंसारी आदि मौजूद थे।