नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
चैनपुर, (पलामू) : चैनपुर थाना क्षेत्र के गांगी गांव में 15 वर्षीया युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। लड़की नौवीं कक्षा की छात्रा है। वह प्रखंड अंतर्गत एक गांव की रहने वाली है। दुष्कर्म के दोनों आरोपी उदेश व अवधेश गांगी गांव के हैं। घटना की सूचना पर चैनपुर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 28 तारीख की शाम की है। पीड़िता ने रविवार को पुलिस को दिए बयान में बताया कि गुरूवार 28 अगस्त को अपने विक्षिप्त पिता को खोजने निकली थी। साथ में उसकी छोटी बहन भी थी। पिता को खोजते-खोजते दोनों अपने गांव से दो किमी दूर गांगी गांव जा पहुंचे। वहां से छोटी बहन कोयल नदी पार करके गांड़ी गांव अपनी मौसी के यहां पिता का पता लगाने चली गई। जबकि वह इस पार गांगी गांव में ही छोटी बहन के लौटने का इंतजार करने लगी। शाम होने तक वह इंतजार करती रही। इसी क्रम में गांगी गांव के दो लड़के उदेश चौधरी व अवधेश चौधरी उर्फ गुडू आए और उसे घर पहुंचाने की बात कही। वापस जाने के क्रम में सुनसान जगह पर झाड़ी की ओट में दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।
इसकेबाद दोनों ने लड़की को गांव तक छोड़ दिया। लड़की ने अपनी मां को रात में सारी बात बताई। लड़की के परिजन शुक्रवार को गांगी गांव जाकर लड़कों के पिता को पूरी बात बताई। गांव में इसे लेकर पंचायती बुलाई गई। इसी क्रम में पुलिस को घटना की जानकारी मिली। पुलिस ने शनिवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी 22 वर्षीय उदेश जेएस कालेज में स्नातक का छात्र है। 21 वर्षीय अवधेश उर्फ गुडू इंटर का छात्र है। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है। इधर, शनिवार को पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल जांच कराया।