पाकुड़ में आदिवासी युवती से सामूहिक दुष्कर्म
युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना झारखंड के पाकुड़ की है।
हिरणपुर (पाकुड़), जेएनएन। झारखंड के पाकुड़ जिले में एक युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, हिरणपुर थाना में दर्ज मामले में एक 18 वर्षीय युवती ने आरोप लगाया है कि मंगलवार शाम वह बस से बरहरवा से हिरणपुर आई। इसके बाद पैदल अपने घर की ओर जा रही थी, तभी शाम 7 बजे हिरणपुर हाईस्कूल मोड़ के आगे बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने छेड़खानी की।
इस बीच, अन्य दो युवक भी आकर उसे जबरन खेत में ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर सभी चारों आरोपी भाग गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस पीड़ित लड़की को थाना लाई। बुधवार को पीड़िता को मेडिकल के लिए पाकुड ले जाया गया।
दस साल की बच्ची से गैंगरेप, एक गिरफ्तार
मुर्गाडांगा पंचायत अंतर्गत एक गांव की 10 साल की बच्ची ने थाना में मामला दर्ज करा आरोप लगाया है कि वह 23 अक्टूबर को अपनी सहेली के साथ गांव से एक किमी दूर पानी लाने गई थी कि शाम छह बजे उपरबन्धा निवासी मुजीद अंसारी व अन्य दो अज्ञात लोगों ने झाड़ी में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया व मारपीट कर जेवर लूट लिया।
पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आरोपी मुजीद अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित लड़कियों की मेडिकल जांच कराई जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।