Move to Jagran APP

धनतेरस पर जमकर खरीददारी, बाजार में रौनक

लोहरदगा : धन, वैभव, यश, लक्ष्मी, प्रगति, उन्नति, सुख-शांति की कामना को लेकर धनतेरस पर शुभ सामग्री की

By Edited By: Published: Fri, 28 Oct 2016 07:08 PM (IST)Updated: Fri, 28 Oct 2016 07:08 PM (IST)
धनतेरस पर जमकर खरीददारी, बाजार में रौनक

लोहरदगा : धन, वैभव, यश, लक्ष्मी, प्रगति, उन्नति, सुख-शांति की कामना को लेकर धनतेरस पर शुभ सामग्री की खरीद के लिए लोगों की भारी भीड़ शुक्रवार को बाजार में उमड़ी। लोगों ने वाहन, जेवर, इलेक्ट्रानिक सामान की जमकर खरीदारी की। शुभ मुहूर्त पर खरीद को लेकर लोग पूरे परिवार के साथ बाजार पहुंचे हुए थे। ग्राहकों की भीड़ और खरीदारी की लालसा ने व्यापारियों को भी उत्साहित कर रखा था। यही कारण था कि दुकानें सड़क पर उतर गई थी। दुकानों की सजावट लोगों को आकर्षित कर रही थी। अचानक से सड़क यातायात पर भार बढ़ने की वजह से आवागमन और यातायात समस्या उत्पन्न हुई।

loksabha election banner

इस साल बेहतर खरीफ से किसान और मध्यमवर्गीय परिवार भी बेहद उत्साहित हैं। ऐसे में लगभग पांच करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान लगाया जा रहा है। एक से बढ़कर एक सजी दुकानें लोगों को अपनी ओर लुभा रही थी। ऐसा लग रहा था मानो दीपावली से पहले बाजार रोशन हो गया है।

सोने-चांदी के सिक्के और जेवरात की खूब हुई बिक्री

लोहरदगा : धनतेरस पर यूं तो कई सामान की बिक्री होती है, परंतु लोग सोने-चांदी की खरीदारी को सबसे ज्यादा शुभ मानते हैं। यही वजह है कि शुक्रवार को धनतेरस पर जेवरात दुकानों में सबसे ज्यादा भीड़भाड़ रही। लोगों ने अपनी जेब के मुताबिक चांदी, सोने के सिक्के, कान के झुमके, बाली, अंगूठी, हार, सोने-चांदी के बिस्किट आदि की खरीदारी की। बाजार में इस बार 999, कोल इंडिया, लक्ष्मी, गणेश, विक्टोरिया आदि के सिक्के खरीदे, परंतु सबसे अधिक लक्ष्मी-गणेश के चिन्ह वाले सिक्कों की खरीद हुई। वहीं अन्य जेवरातों की खरीदारी में भी लोगों ने रुचि दिखाई। लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमा, चांदी के पूजा के बर्तन आदि की खरीद भी हुई।

वाहनों की खरीदारी में लोगों ने दिखाई रुचि

लोहरदगा : धनतेरस पर वाहनों की खरीदारी की पुरानी परंपरा रही है। लोगों ने इसमें सबसे अधिक रुचि दिखाई है। हीरो, होंडा, बजाज, यामाहा की मोटरसाइकिल और स्कूटर, मारुति व हुंदई सहित अन्य कंपनियों की कारों सहित अन्य वाहनों की खूब खरीदारी हुई। धनतेरस पर वाहनों की खरीद को लेकर लोगों ने पहले से ही वाहन बुक कराए थे। ऐसे में धनतेरस के शुभ मुहूर्त में वाहन घर ले जाने को लेकर लोग आतुर नजर आए। ट्रैक्टर, मोटरसाइकिल व ऑटो की खरीद सबसे अधिक हुई है।

बर्तन दुकानों में भी लोगों की उमड़ी भीड़

लोहरदगा : धनतेरस पर बर्तनों की खरीदारी की परंपरा भी रही है। इस साल भी लोगों ने स्टील, पीतल, तांबा, कांसा आदि के बर्तनों की खरीदारी की। ग्राहकों की सबसे ज्यादा भीड़ इन्हीं दुकानों पर नजर आई। पावरगंज से लेकर मिशन चौक तक और न्यू रोड में लगभग एक सौ से ज्यादा दुकानें सजी हुई थी। बर्तन दुकानों को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया था। लोगों ने यहां भी पूजा के बर्तन, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं, घरेलू उपयोग के बर्तन की खरीद की।

लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां व मिट्टी के सामान भी बिके

लोहरदगा : धनतेरस पर लोगों ने लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां खरीदी। साथ ही दीया, ग्वालिन, घोड़ा, हाथी, गुल्लक आदि की खरीदारी की। आज झाडू की खरीदारी भी बहुत से लोगों ने की। साथ ही मां लक्ष्मी को प्रसन्न करने वाली सामग्री की जमकर खरीदारी की।

खूब बिके घरेलू सजावट के सामान

लोहरदगा : घरेलू सजावट के सामान भी खूब बिके। बिजली की लड़ियां, स्वास्तिक, लक्ष्मी-गणेश के स्टिकर, पोस्टर, प्राकृतिक वादियों के पोस्टर के अलावा अन्य सामान भी खूब बिके हुई। लोगों ने दीपावली पर घर को रोशन करने को लेकर अपनी जेब के हिसाब से खरीदारी की। धनतेरस पर अन्य वर्षों की अपेक्षा इस साल बाजार ज्यादा गुलजार रहा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.