आंधी-बारिश ने मचाई भारी तबाही
जागरण टीम, लोहरदगा : जिले में बुधवार को पहले पहर में तेज धूप और अपराह्न में आई आंधी-बारिश ने जमकर तब
जागरण टीम, लोहरदगा : जिले में बुधवार को पहले पहर में तेज धूप और अपराह्न में आई आंधी-बारिश ने जमकर तबाही मचाई। आंधी-बारिश से कई मकानों के छप्पर उड़ गए हैं तो कई स्थानों पर बिजली के पोल, पेड़ आदि उखड़ गए हैं। आंधी-बारिश से फसलों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। जिले के कैरो प्रखंड में आंधी की प्रबलता ऐसी थी कि एक टेंपो सड़क से उड़कर तालाब में जा गिरा। आंधी-बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान कैरो, कुडू प्रखंड में हुआ है। जबकि सेन्हा, किस्को, पेशरार व सदर प्रखंड में भी आंशिक नुकसान पहुंचा है। कैरो प्रखंड मुख्यालय सहित कई गांवों में आंधी-बारिश ने कई परिवारों को बेघर कर दिया। कई स्थानों पर बिजली के पोल, पेड़ गिर गए जिससे बिजली और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है। कैरो प्रखंड के हरिजन मुहल्ला, आदिवासी मुहल्ला, अखरा टोली व उतका में सबसे ज्यादा नुकसान का आंकलन है। कैरो में कई स्थानों पर पेड़ गिरने से लोगों के घरों और दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है। आंधी-बारिश से दुखा भगत, पंचम उरांव, नाजमुन निशा, सुनील उरांव, गुड़वा खातून, सतीश महतो, उमेश महतो, सतन राम, गौतम बैठा, अरविंद बैठा, जयधर गड़ेरी, धाता बैठा, मैमुन खातून सहित कई लोगों के घरों को काफी नुकसान पहुंचा है। बिजली व्यवस्था चरमराने से लोग काफी परेशान हैं। कैरो के अंचल पदाधिकारी ब्रजलता ने सभी राजस्व कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर आंधी-बारिश से हुए नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट समर्पित करने का निर्देश जारी किया है।