लोटस टेंपल में विराजेंगी मां अंबे
लोहरदगा : शहर के उत्तरी छोर पर स्थित रेलवे साइडिंग दुर्गा पूजा समिति अपने रजत जयंती वर्ष में भव्य आयोजन की तैयारी में है। इस बार यहां भव्य लोटस टेंपल में मां अंबे भक्तों को दर्शन देंगी। वर्ष 1989 से यहां पर दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाता रहा है। उस समय नंदकिशोर प्रसाद, राजा ठाकुर, त्रिवेणी राम, बालकिशोर वर्मा आदि ने दृढ़ संकल्प के साथ पूजा का शुभारंभ किया था। इसे लगातार 24 सालों से जारी रखा गया है। आयोजन के 25 वें वर्ष में पूजा समिति श्रद्धालुओं के लिए इस आयोजन को यादगार बनाना चाहती है।
चार लाख रुपए के खर्च का है अनुमान
लोहरदगा : रेलवे साइडिंग दुर्गा पूजा समिति द्वारा पूजा आयोजन में इस बार लगभग चार लाख रुपए खर्च का अनुमान रखा गया है। इस खर्च से आकर्षक व भव्य पंडाल के अलावा आकर्षक प्रतिमा, विद्युत साज-सज्जा भी की जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था सुनिश्चित करने का काम भी किया जाएगा। पूजा समिति के कार्यकर्ता दिन-रात आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
सभी के सहयोग से 25 साल पूरे किए : गौतम
फोटो संख्या-14
लोहरदगा : पंडाल निर्माण समिति के निदेशक गौतम चंदा कहते हैं कि सभी के सहयोग से पूजा समिति ने 25 साल का सफर तय किया है। इस बार का आयोजन लोगों के लिए विशेष होगा। सौ सदस्यों वाले समिति का एक-एक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारियों को लेकर प्रतिबद्ध है।