कलश स्थापना के साथ शारदीय नवरात्र शुरू
लोहरदगा : शक्ति की अधिष्ठात्री मां दुर्गा का पूजनोत्सव शारदीय नवरात्र गुरुवार से शुरू हुआ। सुख-शांति और विपत्तियों को दूर करने के लिए शहर से लेकर प्रखंड मुख्यालय एवं ग्रामीण अंचलों के मठ-मंदिरों, पूजा-पंडाल एवं हिन्दू धर्मावलंबियों ने अपने-अपने घरों में कलश स्थापना कर नवरात्र अनुष्ठान शुरू किया। शहरी क्षेत्र के दुर्गाबाड़ी, वीर शिवाजी पथ स्थित सिद्धि धात्री दुर्गा मंदिर, नवाड़ी पाड़ा स्थित दुर्गा मंदिर, गायत्री मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में कलश स्थापना की गई। साथ ही जिले के कुडू, सेन्हा, भंडरा, कैरो, किस्को एवं पेशरार प्रखंड क्षेत्र में भी अनुष्ठान पूर्वक कलश स्थापना के साथ नवरात्र शुरू हुई। कलश स्थापना के साथ ही दस दिवसीय दुर्गा पूजनोत्सव कार्यक्रम शुरू हुआ। धार्मिक अनुष्ठानों से शहर से लेकर गांवों का वातावरण पूरी तरह से देवमय हो गया। दुर्गा पूजा पंडालों के साथ-साथ मठ-मंदिरों एवं देवी मंडपों में सजावट और सुंदरीकरण का कार्य तेज हो गया है। शहरी क्षेत्र के साथ प्रखंड मुख्यालय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह मां दुर्गा के भक्ति-वंदना के गीत गूंजने लगी है। मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप शैल पुत्री की पूजा-अर्चना गुरुवार को भक्तिभाव से की गई। साथ ही मंदिरों में विशेष पाठ व अनुष्ठान का आयोजन किया गया।