प्राथमिकता के साथ योजनाओं का मिलेगा लाभ : मंत्री
लोहरदगा : अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति के दो दिवसीय कार्यक्रम में विशुनपुर जाने के क्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के कैबिनेट मंत्री थावरचंद गहलोत व केन्द्रीय राज्यमंत्री सह स्थानीय सांसद सुदर्शन भगत का शनिवार को जिले में विभिन्न स्थानों पर स्वागत हुआ। इस क्रम में भंडरा प्रखंड के चट्टी, भंडरा मुख्यालय, शहरी क्षेत्र के मिशन चौक, सेन्हा आदि स्थानों पर स्वागत किया गया। मिशन चौक पर स्वागत समारोह में कैबिनेट मंत्री थावरचंद गहलोत ने कहा कि उनके विभाग से जुड़ी जो भी योजनाएं इस क्षेत्र को चाहिए, वह प्राथमिकता के साथ योजनाओं का लाभ देंगे। स्थानीय लोगों को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने में वे सहभागी बनना चाहेंगे। उन्होंने हाल के समय में सुर्खियों में आए तारा शाहदेव प्रकरण को दुखद बताते हुए कहा कि यह घटना समाज के लिए चिंतनीय है। तारा शाहदेव के साथ जो कुछ भी हुआ है वह गलत है। यदि राज्य सरकार चाहे तो केंद्र सरकार इस मामले में संज्ञान लेगी। मंत्री ने स्थानीय सांसद के प्रयासों की भी सराहना की। मिशन चौक में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न संगठन के लोगों के अलावे नगर परिषद अध्यक्ष पावन एक्का ने भी मंत्री का भव्य स्वागत किया। नगर परिषद अध्यक्ष पावन एक्का ने मंत्री को माला पहनाया और जिले के विकास में सहयोग मांगा। इसके उपरांत वनवासी कल्याण केन्द्र में भी दोनों मंत्रियों का स्वागत किया गया। जहां अनुसूचित जाति व अन्य पिछड़ी जाति के लिए छात्रावास निर्माण व निश्शक्तों के लिए वनवासी कल्याण केन्द्र में सुविधा देने, अलग केबिन की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। दोनों मामलों में कैबिनेट मंत्री वनवासी कल्याण केन्द्र के प्रभारी को तीन माह में रिपोर्ट व प्रस्ताव बनाकर देने को कहा। मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश प्रसाद, मनीर उरांव, राजकिशोर महतो, ब्रज बिहारी प्रसाद, पावन एक्का, नीरज कुमार नलिन, हर्षनाथ महतो, पंकज गुप्ता, राजेश कुमार गुप्ता, ओम कांस्याकार, अनिल उरांव, राजकिशोर शुक्ला, रामू बर्म्मन, मदन मोहन पाठक, अभय महतो, अमरेश भारती आदि मौजूद थे।