जिले भर में हर्षोल्लास से मना ईद का त्योहार
लोहरदगा : ईद-उल-फितर मंगलवार को जिले भर में हर्षोल्लास से मना। रमजान का महीना पूरा होने के बाद शव्वाल महीने की पहली तारीख पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पूरे उत्साह से ईद मनाई। मौके पर शहर से लेकर प्रखंड मुख्यालय के ईदगाह एवं ग्रामीण क्षेत्र के मस्जिदों में ईद की नमाज पढ़ी गई। शहरी क्षेत्र में पहली जमात की नमाज ईदगाह में पढ़ी गई। जिसकी इमामत जामा मस्जिद के इमाम शमीम रिजवी ने की। ईदगाह में नमाज अदा करने के काफी पहले से ही मुस्लिम समाज के लोगों का जमावड़ा लगा हुआ था। ईद-उल-फितर के मौके पर ईदगाह मैदान में मेला भी लगा, जहां रंग-बिरंगे गुब्बारे, तरह-तरह की खिलौने, फुचका-चाट और मिठाइयों के खोमचे की दुकान सजी थी। इस दौरान बच्चों ने मेले का खूब लुत्फ उठाया और अपनी जरूरत के सामानों की खरीदारी की। विधि व्यवस्था कायम रखने के लिए सदर थाना पुलिस पूरी तरह से सतर्क रही। जिला प्रशासन ने ईदगाह समेत शहर से लेकर प्रखंड मुख्यालयों में कई स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल तैनात कर रखे थे। सुरक्षा की दृष्टि से एसडीओ अखौरी शशांक सिन्हा, बीडीओ विजय नाथ मिश्रा, सीओ महेंद्र कुमार, इंस्पेक्टर नरेंद्र मोहन सिन्हा, अवर निरीक्षक अशोक दीक्षित दल-बल के साथ ईदगाह में मौजूद थे। पुलिसकर्मी ने मेला स्थल पर सुरक्षा की कमान बड़ी मुस्तैदी से संभाल रखा था। जैसे ही इमाम शमीम रिजवी ने इबादत समाप्त की, वैसे ही बच्चे-बूढ़े और जवान एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाईयां देने लगे। इस दौरान लोगों के चेहरे पर ईद ने एक नई खुशी ला दी। ईदगाह के बाद जामा मस्जिद व बेलाल मस्जिद में उनके आएमा ने नमाज अदा कराई। कुरैशी मुहल्ला मस्जिद, बंगले वाली मस्जिद, पावरगंज मस्जिद तथा नई सड़क मस्जिद के साथ जिले के सभी मस्जिदों में निर्धारित समय पर नमाज अदा की गई। इसके साथ जिले भर में ईद का पर्व हर्षोल्लास से संपन्न हुआ। इधर ईद का त्योहार हर्षोल्लास के साथ संपन्न होने पर जिलेवासियों के साथ जिला प्रशासन को अंजुमन इस्लामियां के अध्यक्ष खालिद शाह एवं सचिव इकबाल खलीफा ने मुबारकबाद दी है। कुडू, सेन्हा, किस्को, भंडरा, कैरो एवं पेशरार प्रखंड क्षेत्र में भी ईद-उल-फितर का त्योहार हर्षोल्लास से मनाया गया। इस मौके पर ग्रामीणों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बधाईयां दी और उनकी खुशी के लिए दुआएं मांगी।