मत्स्य पालन योजना को बनाएं रोजगार : जयवंती
लोहरदगा : जिला मत्स्य कार्यालय में बुधवार को शिविर आयोजित कर मत्स्य पालकों के बीच मत्स्य स्पान का वितरण किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला परिषद अध्यक्ष जयवंती कुमारी भगत ने 11 प्रशिक्षित मत्स्य बीज उत्पादकों के बीच एक करोड़ 30 लाख मत्स्य स्पान का वितरण किया। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा 80 प्रशिक्षित मत्स्य बीज उत्पादकों के बीच 75 प्रतिशत अनुदान पर एक हजार दो लाख मत्स्य स्पान के वितरण का लक्ष्य रखा गया है। मत्स्य पालन को स्वरोजगार के रूप में अपनाकर जीवन में आर्थिक उन्नति प्राप्त की जा सकती है। लोगों के लिए यह सहज व्यवसाय का माध्यम है। जिप उपाध्यक्ष मनीर उरांव ने कहा कि स्वरोजगार आत्मनिर्भरता का सबसे मजबूत माध्यम है। किसान इस कार्य को अन्य कार्यो के साथ मिलाकर कर सकते हैं। मौके पर जिला मत्स्य पदाधिकारी सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बिरेन्द्र कुमार बिन्हा, संतोष दीक्षित, प्रकाश, फिरोज अंसारी, संध्या कुमारी, निरंजन कुमार, सुबोध ठाकुर आदि मौजूद थे।