15 घंटे बाद पुलिस पहुंची घटनास्थल
कोडरमा: गझंडी के दिलवा के समीप तिलैया थाना क्षेत्र में कोडरमा-राजगीर रेल परियोजना में कार्यरत हाइ
कोडरमा: गझंडी के दिलवा के समीप तिलैया थाना क्षेत्र में कोडरमा-राजगीर रेल परियोजना में कार्यरत हाइवा समेत 6 मशीनों को आग के हवाले करने की उग्रवादी घटना के करीब 15 घंटे बाद पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर मामले का जायजा लिया। शुक्रवार को दिन में करीब 3 बजे करीब 100 की संख्या में आये उग्रवादियों ने आगजनी की घटना को अंजाम दिया था। इधर, घटना की सूचना पर पुलिस गझंडी पिकेट तो पहुंची थी, लेकिन हालात का जायजा लेने शनिवार की सुबह पुलिस घटनास्थल पर पहुंची । इस दौरान एसपी नवीन कुमार सिन्हा के अलावा एएसपी नौशाद आलम, एसडीपीओ चंद्रेश्वर प्रसाद व बड़ी संख्या में पुलिस बल थे। घटना स्थल पर एक को छोड़ 5 वाहन व मशीन पूरी तरह खाक हो गया है। पुलिस वहां कार्यरत मजदूरों से भी घटना के संबंध में जानकारी लिया। एसपी ने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति का जायजा लिया व उग्रवादियों के विरुद्ध ठोस अभियान चलाने का निर्देश दिया। वहीं गझंडी व बेंदी पुलिस पिकेट में तैनात अधिकारियों व जवानों को अलर्ट रहने को भी कहा गया। बाद में एसपी ने बेंदी पुलिस पिकेट का भी जायजा लिया व जरूरी निर्देश दिया। वहीं घटना के पीछे माओवादियों का हाथ बताया जा रहा है। इधर, हाल के दिनों में बिहार सीमा से सटे इन क्षेत्रों में उग्रवादी गतिविधि बढ़ी है। गत दिनों बिहार पुलिस के साथ उग्रवादियों के भिड़ंत भी हुई। कोडरमा पुलिस भी इस घटना में अपनी क्षेत्र से मोर्चा संभाले थे। वहीं इस क्षेत्र में उग्रवादियों की बढ़ती गतिविधि से पुलिस अभियान भी चला रही थी। बावजूद उग्रवादियों द्वारा बड़ी घटना पुलिस के लिए चुनौती है।
लेवी के लिए हुई है घटना
कोडरमा: पुलिस के पड़ताल में घटना के पीछे लेवी प्रमुख कारण माना जा रहा है। इधर, घटना स्थल से पुलिस को एक पर्चा मिला है। इस पर्चे में 5 दिनों के अंदर पार्टी को मिलने की हिदायत दी गई है। अन्यथा काम करने पर बड़ी घटना के लिए तैयार रहने को कहा गया है। उक्त पर्चे में भाकपा माओवादी लिखा गया है। पुलिस पर्चे की सत्यता की भी जांच कर रही है।
उग्रवादियों के विरुद्ध प्राथमिकी
कोडरमा: घटना को लेकर तिलैया थाना में दो नामजद सहित दर्जनों अज्ञात उग्रवादियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। इसमें मगध जोन के जोनल कमांडर विकास, एरिया कमांडर दीपक व अन्य अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज किया जा रहा है। थाना प्रभारी राजबल्लभ पासवान ने यह जानकारी दी ।