श्रमिकों की मेहनत से हो रहा देश का विकास: अन्नपूर्णा
झुमरीतिलैया : झुमरीतिलैया के श्रम कल्याण के नये संयुक्त श्रम भवन का उद्घाटन शनिवार को मंत्री अन्नपूर्णा देवी और नगरपर्षद अध्यक्ष बजरंगी प्रसाद ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर एक समारोह का आयोजन कर विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का भी वितरण किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि श्रमिकों की मेहनत से ही देश का विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए कृतसंकल्पित है और इसमें किसी भी स्तर से कोताही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने पंचायत स्तरीय जनप्रतिनिधियों से कहा कि ग्रामीणों को इसका समुचित लाभ तभी मिलेगा जब वे इसमें पूरी तरह से पहल करेंगे। उन्होंने श्रम अधीक्षक से कहा कि कामगारों को इस संबंध में अधिक से अधिक जानकारियां मुहैया कराएं, ताकि योजनाओं का समुचित लाभ इन्हें मिल सके। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक श्रमिकों का निबंधन कराने की जरूरत है। निबंधित श्रमिकों को ही योजनाओं का लाभ मिलता है। उन्होंने विभाग से जागरूकता फैलाने के लिए श्रमिकों के बीच गोष्ठी एवं प्रचार-प्रसार कराने की बात कही।
विशिष्ट अतिथि नगरपर्षद अध्यक्ष बजरंगी प्रसाद ने श्रमिकों को पुज्य बताते हुए कहा कि श्रम कल्याण के नये भवन से श्रमिकों को काफी लाभ मिलेगा। श्रम अधीक्षक रामवचन पासवान ने विभाग की 19 कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। बीडीओ प्रभाष कुमार दत्ता ने श्रमिकों के हित में सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयासों के बारे में प्रकाश डाला। चाराडीह के मुखिया महेश प्रसाद यादव ने भी अपने विचार रखे। समारोह का संचालन राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक अश्रि्वनी कुमार सिन्हा ने किया। इस अवसर पर राजद जिलाध्यक्ष वीरेंद्र मेहता, श्यामसुंदर सिंघानियां, सुदर्शन यादव, उपाध्यक्ष संजय शर्मा, नगर अध्यक्ष कृष्णा बरहपुरिया, राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के जिला प्रोग्राम मैनेजर मुअज्जम रफिकी, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी गिरिशचंद्र प्रसाद, विवेद कुमार, ओम प्रकाश, संजय कुमार, गौरीशंकर चौधरी, तिरिली बढ़ई, संजय कुमार आदि उपस्थित थे।
लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण
झुमरीतिलैया: श्रम कल्याण केंद्र में आयोजित समारोह में मंत्री अन्नपूर्णा देवी, विशिष्ट अतिथि नगरपर्षद अध्यक्ष बजरंगी प्रसाद सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार योजना के तहत विभिन्न लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। इसमें मातृत्व प्रसुती लाभ योजना के 28, श्रमिक पुत्र-पुत्री छात्रवृत्ति योजना के तहत 17 बच्चों को चेक, 18 श्रमिकों को साइकिल, 62 श्रमिकों को किट एवं 9 को इलेक्ट्रिक किट दिया गया।