कोडरमा में सक्रिय है वाहन लूटेरा गिरोह
कोडरमा: हाल के दिनों में कोडरमा में वाहन लूटेरा गिरोह सक्रिय हो गया है। इस गिरोह में जिले के कई अपराधी भी शामिल है। डोमचांच पुलिस के हत्थे चढ़ा तीन आरोपियों से जिले में वाहन लूट के कई मामलों का खुलासा हुआ है। इस गिरोह में शामिल अन्य आरोपी फरार हो गए। वहीं गिरफ्तार आरोपियों में चंदवारा निवासी मुकेश सिंह, पिता रामविलास सिंह, गुमो निवासी बबलू वर्मा, पिता कामेश्वर वर्मा, तथा मदनगुंडी निवासी मुकेश यादव, पिता अर्जुन यादव शामिल हैं। इसमें बबलू वर्मा झुमरीतिलैया नगरपर्षद के वार्ड पार्षद कामेश्वर वर्मा का पुत्र है। इस संबंध में एसपी संगीता कुमारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने 16 मई को मरकच्चो थाना क्षेत्र में डोमचांच निवासी महेन्द्र वर्मा के हाईवा लूट में अपनी संलिप्तता स्वीकारी है। उन्होंने बताया कि इस गिरोह का मास्टर माइंड असनाबाद निवासी मो. अरशद, तिलैया निवासी मो. नसीम व अन्य फरार है। आरोपियों के धरपकड़ के लिए पुलिस अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि आरोपियों द्वारा पिछले कई दिनों से चंदवारा जवाहर घाटी से कोडरमा घाटी तक वाहन लूट की घटना को अंजाम देने के लिए रेकरिंग किया जा रहा था, लेकिन पुलिस सक्रियता के कारण सफलता नही मिली। आरोपियों ने हजारीबाग के नेशनल पार्क इलाके में भी वाहन लूट का प्रयास किया। बाद में चौपारण क्षेत्र के दनुआ-भनुआ इलाके में धान लदे वाहन को लूट कर भाग रहा था। सूचना पर सभी थानों के पुलिस को अलर्ट किया गया। डोमचांच इलाके में इन आरोपियों को चोरी के इंडिका कार के साथ धर दबोचा गया। आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, एक भुजाली, दो मोबाईल व चालक के पास से लूटे गए 8440 रुपया बरामद किया गया। वहीं लूटी गई ट्रक को जमुआ पुलिस ने बरामद कर लिया गया, जबकि वहां दो अन्य आरोपी बाबू चक्रवर्ती व रिक्की दत्ता, दोनों दुर्गापुर निवासी को पकड़ा गया है।
कोलकाता ले जाता हैं लूट के वाहन
कोडरमा: लूट के वाहनों की बिक्री के लिए उसे कोलकाता ले जाया जाता है। एसपी ने बताया कि कोडरमा जिले के तीनों आरोपियों को प्रत्येक कांडों में 10-10 हजार रुपया मिलता था। ऐसा पुलिस के समक्ष स्वीकरोक्ति बयान में आरोपियों ने कहा है। एसपी ने बताया कि इस ट्रक को भी लूट के बाद देवघर के पास दुमका रोड में एक लाईन होटल में सभी को मिलने के लिए स्थान निर्धारित किया गया था। घटना का मास्टर माइंड असनाबाद के आरोपी ही सब कुछ तय करता था। आरोपियों को पुलिस को बताया कि लूट का कार भी मो. अरशद ही लाया था।
आरोपियों को लिया जाएगा रिमांड पर
कोडरमा: एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेकर पुलिस अन्य बिंदुओं पर पूछताछ करेगी। गिरिडीह के जमुआ पुलिस द्वारा गिरफ्तार दुर्गापूर के आरोपियों को भी रिमांड पर लिया जाएगा।