महा शिवरात्रि आज, मंदिर सजे, तैयारी पूरी
खूंटी : शुक्रवार को महाशिवरात्रि का महापर्व मनाया जाएगा। नागवंशियों की भूमि पर शिव अराध्य देव रहे है
खूंटी : शुक्रवार को महाशिवरात्रि का महापर्व मनाया जाएगा। नागवंशियों की भूमि पर शिव अराध्य देव रहे हैं। शिव की महिमा सर्वोपरि और सर्व-स्वीकार्य रहा है। दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के भूभाग नागवंशियों की कर्मस्थली के साथ तपो भूमि रही है। कर्रा प्रखंड के जरियागढ़ में आज भी नाग वंश के लोग रहते हैं, जिन्हें अब भी छोटा लाल, बड़ा लाल कहकर पुकारा जाता है। इतिहास गवाह है कि नागवंशी राजा आरंभ से शैव धर्म के अनुयायी और संरक्षक रहे हैं। चली आ रही परंपरा का पालन आज भी नागवंश के वंशज और प्रजा करती आ रही है। यही कारण है कि खूंटी में भगवान शिव के अराधक धूमधाम से महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जाता है। अंगराबाड़ी में यह पर्व विशेष रूप से मनाया जाता है। मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से बाबा आम्रेश्वर की सजावट और पूजा-अर्चना विशेष रूप से की जाती है। बड़ी संख्या में भक्त आते हैं और बाबा आम्रेश्वर की पूजा कर अभिषेक करते हैं। श्रद्धालु नारियल की बलि देते हैं और दूध अथवा पानी से अभिषेक कर अपनी मनोरथपूर्ण होने की कामना करते हैं। खूंटी का पुरातन महादेव मंदिर आस्था का केंद्र है। यहां स्थापित शिव¨लग कई सौ वर्ष पुराना है, यहां जलाभिषेक और पूजन की सारी तैयारी मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से की जा चुकी है। मंदिर परिसर की सफाई और सजावट हो चुका है। यहां मेला भी लगता है। मुरहू के महादेव मंडा में शिवरात्रि धूमधाम से मनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। यहां भी सैकड़ों की संख्या में शिवभक्त पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक करते हैं। जिले के सभी शिवालयों में महाशिवरात्रि मनाने की तैयारी की गई है।