फतेहपुर में बिजली संकट का गुस्सा सड़क पर फूटा
फतेहपुर (जामताड़ा) : फतेहपुर में आठ दिन से विद्युत आपूर्ति ठप रहने से आक्रोशित उपभोक्ताओं का गुस्सा स
फतेहपुर (जामताड़ा) : फतेहपुर में आठ दिन से विद्युत आपूर्ति ठप रहने से आक्रोशित उपभोक्ताओं का गुस्सा सड़क पर फूटा। बुधवार सुबह ही लोग भारी संख्या में सड़क पर उतरे गए और गोविंदपुर-साहेबगंज हाइवे को अवरुद्ध कर दिया। उपभोक्ताओं ने फतेहपुर मोड़, अगैया एवं कैराबनी सड़क को सुबह साढ़े छह बजे से दोपहर दो बजे तक जाम रखा। आठ घंटे की इस प्रदर्शन की वजह से चार पहिया, हाइवा, ट्रक समेत अन्य वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम कर रहे लोगों ने स्थल पर बिजली विभाग के वरीय अधिकारी को बुलाने की मांग कर रहे थे। बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। करीब डेढ़ बजे विभाग के जेई पहुंचे जिसे लोगों ने बात करने से इंकार कर दिया। कहा जब तक कार्यपालक अभियंता नहीं आते तब तक जाम नहीं हटाया जायेगा।
बाध्य होकर जेई को वापस जाना पड़ा। जाम में महिलाएं भी शामिल थी। करीब तीन बजे कार्यपालक अभियंता अनूप बिहारी जाम स्थल पर आने के बाद लोगों से वार्ता की। लोगों का कहना था कि आठ दिन से बिजली नहीं है। विभाग के अधिकारी हाथ पर हाथ धरे बैठें हैं। रात का आराम व दिन का कारोबार सब चौपट हो चुका है। अब जाम करने के बाद अधिकारी की तंद्रा टूटी है। कार्यपालक अभियंता ने बताया कि लाइन में लगातार कार्य चल रहा है। पूर्व में सब स्टेशन के निर्माण के समय घटिया इंसुलेटर लगाने के कारण ही यह समस्या खड़ी हुई है। जेई ने एक हजार इंसुलेटर की मांग की है। तीन सौ इंसुलेटर लगाया गया है। छह सौ इंसुलेटर और जल्द ही उपलब्ध कराया जाएगा। उपभोक्ताओं ने अन्य कई समस्याओं से भी अवगत कराया। फतेहपुर में सब स्टेशन निर्माण की मांग पर कहा कि वह प्रक्रिया में है। अंत में शीघ्र बिजली आपूर्ति का आश्वासन मिलने के बाद लोग सड़क को मुक्त किए।
बता दें कि फतेहपुर समेत पूरे क्षेत्र में 14 जून से बिजली आपूर्ति ठप रहने से उपभोक्ताओं में विभाग के प्रति रोष पनप रहा था। नतीजतन आजीज होकर लोग सड़क पर उतरने को मजबूर हो गये। मौके पर नाला इंस्पेक्टर धनंजय कुमार, थाना प्रभारी नागेन्द्र शर्मा आदि उपस्थित थे।